भोपाल नए आलू एवं प्याज की आवक बढ़ने से थोक भावों में खासी गिरावट आई है। भोपाल की करोंद मंडी में अच्छी क्वालिटी के आलू और प्याज के थोक भाव 20 रुपये किलो तक है, जबकि फुटकर बाजार में यह 30 रुपये किलो तक बिक रहा है। सब्जी व्यापारियों के अनुसार आवक बढ़ने के साथ ही भाव में और भी कमी आएगी। इससे लंबे समय से महंगाई से जूझ रहे लोगों को थोड़ी राहत मिलेगी।
इन दिनों करोंद मंडी में आलू की प्रतिदिन औसत 600 क्विंटल तक आवक हो रही है। थोक भाव 10 से 20 रुपये किलो तक है। ऐसे में फुटकर बाजार में यह 25 से 30 रुपये प्रतिकिलो तक में बिक रहा है। इसी प्रकार नया प्याज आने से आवक 800 क्विंटल तक है। इसके थोक भाव भी 10 से 20 रुपये किलो तक चल रहे हैं। ऐसे में अच्छी क्वॉलिटी का प्याज 30 रुपये किलो तक में मिल रहा है। थोक कारोबारी राजकुमार कुशवाह ने बताया कि पिछले पांच-छह महीने से उप्र से आलू एवं प्याज की आवक हो रही थी, लेकिन भोपाल, होशंगाबाद, विदिशा, रायसेन, राजगढ़, सीहोर, हरदा, देवास, उज्जैन, शाजापुर, आगर, उज्जैन, रतलाम, मंदसौर आदि जिलों से नए आलू एवं प्याज की आवक हो रही है। इसके चलते भाव में भारी गिरावट हो रही है।
90 रुपये तक प्याज और 45 रुपये प्रतिकिलो तक पहुंच चुका आलू
राजधानी में पिछले छह महीने के भीतर आलू एवं प्याज के भाव काफी बढ़ गए थे। प्याज के भाव 90 रुपये प्रतिकिलो तक पहुंच चुके हैं। वहीं आलू की कीमतें भी 45 रुपये तक हो गई थी। इससे किचन पर असर पड़ रहा था। पिछले एक माह से नए आलू एवं प्याज की आवक होने लगी है। इस कारण भावों में भी लगातार गिरावट होने लगी। जिससे लोगों को राहत मिल रही है।

0 टिप्पणियाँ