शिवपुरी, राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) द्वारा आगामी वित्तीय वर्ष 2021-22 में शिवपुरी जिले के लिए कुल प्राथमिकता क्षेत्र मे लगभग 3488.33 करोड़ की संभाव्यता युक्त ऋण योजना तैयार की गयी है। इस ऋण योजना पुस्तिका का विमोचन जिला स्तरीय तकनीकी समूह की बैठक मे कलेक्टर श्री अक्षय कुमार सिंह ने किया।
कलेक्टर श्री सिंह ने नाबार्ड द्वारा तैयार की गई योजना के अनुसार ऋण वितरण करने के निर्देश सभी अधिकारियों को दिये हैं। इस अवसर पर नाबार्ड के जिला विकास प्रबन्धक राजा जी अय्यर ने ऋण योजना की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होने बताया की पी एल पी मे कृषि ऋण के लिए 1692.92 करोड़, कृषि मियादी ऋण के लिए 884.98 करोड़, कृषि अधोसंरचना के लिए 327.80 करोड़, सूक्ष्म, लघु एवं माध्यम इकाईयों के लिए 201.60 करोड़ और अन्य प्राथमिकता प्राप्त क्षेत्रो के लिए 380.93 करोड़ रुपये की संभाव्यता का आकलन किया गया है।
नाबार्ड के जिला विकास प्रबन्धक राजा जी अय्यर ने बताया की भारत सरकार, राज्य सरकार और भारतीय रिजर्व बैंक की नीतियों और प्राथमिकताओं को ध्यान में रखते हुए वर्ष 2021-22 के संभाव्यता युक्त ऋण योजना की थीम “किसानों की आय बढ़ाने के लिए कृषि उपज का समूहन” रखी गई है। इस वर्ष की पीएलपी मे प्रमुख महत्व वाले क्षेत्र जैसे किसानों की आय दोगुनी करना, आत्म निर्भर भारत, आत्म निर्भर मध्य प्रदेश, कृषक उत्पादक संगठन, डेयरी विकास, खाद्य प्रसंस्करण, जलवायु परिवर्तन, नवीकरणीय ऊर्जा, जल संरक्षण और कौशल भारत योजना पर विशेष जोर दिया गया है।
इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एच पी वर्मा, श्री अनिल गुप्ता, अग्रणी बैंक प्रबन्धक, श्रीमति लता कृष्णन महाप्रबंधक जिला सहकारी बैंक सहित बैंकर्स, शासकीय विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

0 टिप्पणियाँ