भोपाल दुनियाभर में क्रिसमस की तैयारियां तेज हो गई हैं। आगामी क्रिसमस पर्व की तैयारियों के तहत राजधानी भोपाल में मध्यप्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम की इकाई द्वारा मिंटो हॉल परिसर में सोमवार को केक मिक्सिंग सेरेमनी का आयोजन किया गया। इस सेरेमनी का उद्देश्य क्रिसमस पर्व के दौरान बनाये जाने वाले क्रिसमस केक की तैयारी करना है। निगम के एमडी एस विश्वनाथन ने बताया कि
इसके अंतर्गत उच्च गुणवत्ता वाला केक बनाने के लिए विभिन्न प्रकार के ड्राय फ्रूट्स (काजू, बादाम, अखरोट, किशमिश, मुनक्का, ऑरेंज पिल्स और ट्यूटी-फ्रूटी) इत्यादि को शहद, सौंठ, दाल-चीनी पाउडर के साथ मिलाकर लगभग 15 से 20 दिनों तक रखा जाता है, जिससे एक अलग फ्लेवर और ड्राय-फ्रूट्स में अलग प्रकार का स्वाद आ जाता है। इस संयोजन से उत्तम क्वालिटी का क्रिसमस प्लम केक बनाया जा सकता है।
उल्लेखनीय है कि पूर्व में यह परंपरा यूरोप में हुआ करती थी, पर 17 वीं शताब्दी से यह दुनिया के अन्य देशों में अधिक प्रसिद्ध हो गया। पिछले एक दशक से भारत के कई होटल्स, रेस्टॉरेंट्स एवं घरों में भी क्रिसमस से पूर्व केक मिक्सिंग सेरेमनी का आयोजन किया जाता है। मिंटो हॉल में इसकी शुरुआत गत वर्ष से हुई है। श्री विश्वनाथन ने कहा कि यह प्लम केक पर्यटन विकास निगम की इकाई पलाश रेजीडेंसी में क्रिसमस और न्यू ईयर सेलिब्रेशन के अवसर पर अतिथियों को उपलब्ध कराया जाएगा।
केक मिक्सिंग सेरेमनी के इस अवसर पर निगम के महाप्रबंधक सुहैल कादिर व जैमन मेथ्यू, भोपाल रीजन के रीजनल मैनेजर एनके स्वर्णकार, पलाश रेसीडेंसी के सीनियर मैनेजर अजय श्रीवास्तव विशेष रूप से उपस्थित थे। खास बात यह है कि इस मौके पर सभी अधिकारी शेफ के लिबाज में थे और उन्होंने शेफ के साथ मिलकर केक मिक्सिंग भी की।

0 टिप्पणियाँ