Music

BRACKING

Loading...

सोना-चांदी के भाव में स्थिरता बरकरार, सराफा बाजार में बढ़ी रौनक



 भोपाल के सराफा बाजार में पिछले तीन दिन से सोना-चांदी के भाव स्थिर बने हुए हैं। चार दिसंबर से न तो भावों में गिरावट हुई है और न बढ़ोतरी। सराफा कारोबारी दिसंबर माह में इन दोनों बहुमूल्‍य धातुओं की कीमतें स्थिर रहने का अनुमान जता रहे हैं। इससे ग्राहकों को राहत मिलेगी। सोमवार को सोना 50 हजार 800 रुपये प्रति 10 ग्राम (23 कैरेट) रहा एवं चांदी के भाव 63 हजार रुपये प्रतिकिलो रहे।

बता दें कि राजधानी में दो एवं तीन दिसंबर को सोना-चांदी के भावों में खासी वृद्धि हुई थी। दो दिन में सोना 1300 और चांदी तीन हजार रुपये तक महंगी हो गई थी। दो दिन की तेजी के बाद चार दिसंबर को भाव स्थिर हो गए, जो सोमवार को भी स्थिर ही रहे। इस कारण आमजनों को काफी राहत मिल रही है, क्योंकि 11 दिसंबर तक शादी-ब्याह के मुहूर्त है और लोग जमकर खरीदारी कर रहे हैं।

सराफा कारोबारी नवनीत अग्रवाल बताते हैं कि अंतराष्ट्रीय स्तर पर तेजी आने से भाव बढ़े थे, लेकिन बीते तीन दिन से भावों में स्थिरता बनी हुई है। संभावना है कि दिसंबर माह में भाव इसी तरह रहेंगे। 11 दिसंबर के बाद शादियों के मुहूर्त नहीं हैं। इससे ग्राहकी में भी कमी आएगी।

राजधानी में 1200 से अधिक सराफा दुकानें

राजधानी में सराफा की छोटी-बड़ी मिलाकर 1200 से अधिक दुकानें हैं। सबसे अधिक दुकानें सराफा बाजार में है। इसके अलावा न्यू मार्केट, एमपी नगर समेत पूरे शहर में दुकानें हैं। भावों में स्थिरता होने के कारण लोग भी सोना-चांदी के आभूषणों की खरीदारी कर रहे हैं। शादियों का सीजन होने से सामान्य दिनों की तुलना में वर्तमान में 30 से 40 फीसद तक ग्राहकी अधिक है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ