भोपाल के पुलिस विभाग में कुछ ऐसे भी पुलिसकर्मी है, जो दिन रात काम करने का जुनूनू रखते हैं। कुछ ऐसा ही काम कर दिखाया अशोका गार्डन थाना प्रभारी और उनकी टीम ने। एक पांच वर्षीय मासूम जो अपने परिजनों से बिछड़कर बाजार में पहुंच गई थी। उसके परिजनों को एक घंटे में तलाश कर मां से मिलवाया। मां ने जब अपने कलेजे के टुकड़े को छाती से लगाया तो मां की आंखों से आंसू बहने लगे। पुलिस ने मासूम बच्ची की तलाश कर परिजनों के पहुंचाने पर आला अधिकारियों ने थाना प्रभारी और उनकी टीम को बधाई दी है।
जानकारी के अनुसार अशोका गार्डन पुलिस को शनिवार को पांच वर्षीय एक मासूम बच्ची सेठी नगर और शंहशाह गार्डन के बाजार में मिली थी। पुलिस ने जब उसे अकेले घूमते देखा तो उसके पास जाकर उसका नाम और पता पूछा तो बच्ची कुछ बता नहीं पा रही थी। पुलिस कर्मियों ने मामले की गंभीरता को समझा और बच्ची को अपने साथ लेकर आसपास उसके परिजनों के बारे में पूछा तो वह नहीं मिले। इस दौरान बच्ची रो रही थी। पुलिस कर्मियों ने थाने लाकर उसकी जानकारी थाना प्रभारी आलोक श्रीवास्तव को दी। उन्होंने बच्ची की फोटो अपने मोबाइल से लेकर इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट की और एक संदेश पोस्ट किया कि इस बच्ची की जानकारी मिलने पर उनके मोबाइल नंबर पर दी जाए इसके आधे घंटे में बच्ची की जानकारी लग गई और उसके परिजन बच्ची को लेने थाने पहुंच गए। पुलिस ने बच्ची के परिजनों को देखकर उसकी मां को बच्ची को सुरक्षित सौंप दिया। बच्चे के परिजन बच्ची को देखकर खुश हो गए। उन्होंने पुलिस और थानाप्रभारी को धन्यवाद दिया। घटना की जानकारी जब आला अधिकारियों को लगी तो उन्होंने अशोका गार्डन थाना स्टाफ की प्रशंसा की और पूरी टीम को बधाई दी।

0 टिप्पणियाँ