इंदौर, बच्चों में खूनी रंजिश का मामला सामने आया है। दो बच्चों ने हमउम्र के कान और गाल ब्लैड से काट दिए। पुलिस ने दोनों किशोरों के खिलाफ केस दर्ज किया है। फरियादी पूर्व में दोनों आरोपितों पर हमला कर चुका है। दोनों पक्ष काफी समय से एक-दूसरे से रंजिश पाले हुए थे।
घटना तुकोगंज थाना क्षेत्र स्थित नीलकमल टॉकिज के समीप की है। पुलिस ने नारायण सेठ का कंपाउंड निवासी 15 वर्षीय पंकज पुत्र हरिसिंह चौहान की शिकायत पर लाला का बगीचा निवासी दो किशोरों पर धारा 324, 294, 506, 34 के तहत केस दर्ज किया है। पंकज ने रिपोर्ट में लिखवाया कि वह देर रात गोमा की फेल की तरफ घूमने निकला था। तभी दोनों ने उसे रोका और एक किशोर ने कहा तुमने मुझ पर ब्लैड से हमला किया था। दोनों ने उसे पकड़ लिया और ब्लैड से हमला कर दिया। उसके कानों और गालों पर ब्लैड मार दी।
पड़ोसियों में विवाद, बीच सड़क लोहे की रॉड से पीटा
एरोड्रम थाना क्षेत्र के गोमती नगर में दो पक्षों में विवाद हो गया। दो लोगों ने पड़ोसी को बीच सड़क पर लोहे की रॉड से पीटकर घायल कर दिया। पुलिस ने फरियादी मनोहर उर्फ छोटू उपाध्याय पुत्र सुदर्शन उपाध्याय निवासी गोमती नगर की शिकायत पर आरोपित सीताराम प्रजापत और पवन प्रजापत के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक दोनों पक्षों में पुराना विवाद है। उसी रंजिश में आरोपितों ने हमला कर दिया। पड़ोसी राकेश व मां सरोज द्वारा बीच-बचाव करने पर जान से खत्म करने की धमकी देकर आरोपित फरार हो गए।

0 टिप्पणियाँ