Music

BRACKING

Loading...

भोपाल गैसकांड की बरसी... बैरागढ़ को गैस पीड़ित क्षेत्र घोषित करने की फ‍िर उठी मांग



भोपाल,  राजधानी भोपाल के उपनगर संत हिरदाराम नगर में गैस त्रासदी की 36वीं बरसी पर एक सभा का आयोजन किया गया, जिसमें गैस त्रासदी में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। सभा में वक्ताओं ने कहा कि विश्व की भीषणतम गैस त्रासदी का दुख बैरागढ़ वासियों ने भी भोगा, लेकिन यहां के नागरिकों के साथ धोखा हुआ। किसी भी सरकार ने पीड़ितों की बात नहीं सुनी। गैस रिसन के दुष्प्रभाव आज भी लोग भोग रहे हैं, लेकिन सरकार मुआवजा देने को तैयार नहीं है। बैरागढ़ गैस पीड़ित संघर्ष मोर्चा ने मुआवज़ा दिलवाने के लिए एक कमेटी बनाने की घोषणा की है।

मृतकों को श्रद्धांजलि देने के लिए पूरी हिंदी पंचायत कार्यालय में सभा का आयोजन किया गया। अध्यक्ष साबू रीझवानी ने कहा कि गैस त्रासदी से यहां के लोग प्रभावित हुए थे लेकिन शासन-प्रशासन ने अंतिम समय में बैरागढ़ को गैस प्रभावित घोषित नहीं किया, जिससे लोग मुआवजा पाने से वंचित रह गए। भोपाल मेमोरियल अस्पताल में भी लोगों को इलाज नहीं मिला। 36 साल बाद भी गैस त्रासदी के जख्म गहरे हैं, लेकिन प्रशासन हमारी बात सुनने को तैयार नहीं है, यह बड़े दुख की बात है।

अब कमेटी बनेगी, मुआवजे के लिए संघर्ष किया जाएगा

बैरागढ़ गैस पीड़ित संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष महेश दादलानी ने मृतकों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि बैरागढ़वासियों को राहत राशि मिलना चाहिए। इसके लिए प्रयास लगातार जारी रहेंगे। सरकार चाहे तो अब भी राहत राशि दे सकती है। मोर्चा ने गणमान्य नागरिकों से विचार विमर्श के बाद एक कमेटी बनाने का ऐलान किया। यह कमेटी जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर एकमुश्‍त राशि देने की मांग करेगी। श्रद्धांजलि सभा में पंचायत के महासचिव माधु चांदवानी, उपाध्यक्ष नंदकुमार दादलानी, सिंधु समाज के महासचिव भरत आसवानी, प्रेम कुमार पठानी, राम लेखवानी, वासुदेव ग़ुलानी, अशोक कुमार विधानी एवं राज मनवानी सहित अनेक लोग मौजूद थे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ