भोपाल।। मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त आरके पालीवाल ने बताया कि आयकर विभाग की 'विवाद से विश्वास" योजना को अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। 3526 अपील निराकरण के लिए आ चुकी हैं। इस योजना से करदाताओं को अनावश्यक विवादों से राहत मिलेगी। वहीं, विभाग को टैक्स की राशि मिल जाएगी।
मालूम हो, विभाग की इस योजना का उद्देश्य ऐसे विवादित मामलों का निराकरण करना है, जिसमें टैक्स की राशि का भुगतान किया जाना है। विभाग और करदाता इस योजना के तहत विवादों को सुलझा सकते हैं। पालीवाल ने बताया कि इस योजना के तहत पहले समयसीमा 30 अक्टूबर थी, जिसे बढ़ाकर 31 दिसंबर कर दिया गया है। अभी और भी प्रकरण इस योजना के तहत समाधान के लिए आने की उम्मीद है।
करदाताओं को मार्च तक बकाया टैक्स का भुगतान करना होगा। उन्होंने कहा कि विवादों के समाधान से करदाताओं को तो लाभ होगा। साथ ही विभाग में भी काम का बोझ कम होगा। पालीवाल के मुताबिक, इस योजना के तहत छत्तीसगढ़ से लगभग 1150, इंदौर से 670, भोपाल से 600, ग्वालियर से 200 और जबलपुर से 500 प्रकरण निराकरण के लिए आए हैं।

0 टिप्पणियाँ