Music

BRACKING

Loading...

तीन साल में देश का सर्वाधिक विकसित राज्य बनेगा मध्य प्रदेश : मंत्री गोपाल भार्गव



 भोपाल।  मध्य प्रदेश अगले तीन साल में देश का सर्वाधिक विकसित राज्य बनेगा। इसके लिए आत्मनिर्भर मध्य प्रदेश के रोडमैप पर काम शुरू हो गया है। इसमें अधोसंरचना के साथ औद्योगिक संस्थाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। यह बात लोक निर्माण मंत्री गोपाल भार्गव ने कांफ्रेडेरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्रीज (सीआइआइ) द्वारा भोपाल में आयोजित मध्य प्रदेश इंफ्रास्ट्रक्चर कॉनक्लेव में कही।

भार्गव ने कहा कि प्रदेश में वर्ष 2003 के बाद अधोसंरचना के साथ कृषि, सिंचाई, औद्योगिक विकास के क्षेत्र में कीर्तिमान स्थापित किए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आत्मनिर्भर भारत का विजन देश को दिया तो उस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए मध्य प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में आत्मनिर्भर मध्य प्रदेश का रोडमैप तैयार करके उस पर तेजी से काम शुरू किया है। सभी विभाग 30 दिन के लक्ष्य को पूरा कर 90 दिन के लक्ष्य पूरा करने में जुट गए हैं। औद्योगिक विकास गतिविधियों के साथ-साथ औद्योगिक संस्थाओं को सामाजिक क्षेत्र में काम करने की जरूरत है। हम तभी आत्मनिर्भर मध्य प्रदेश से आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को प्राप्त कर सकेंगे।

उन्होंने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े उद्योगपतियों से प्रदेश के विकास में खुले दिल से भागीदारी करने की अपील की। इस दौरान अपर मुख्य सचिव आइसीपी केशरी ने कहा कि वर्तमान दौर में कोरोना की चुनौती का पूरा विश्व सामना कर रहा है। देश और प्रदेश पर भी इसका प्रभाव है। मध्य प्रदेश में पिछले पांच-छह साल में अधोसंरचना सहित क्षेत्रों में लगभग पांच लाख करोड़ रुपये का निवेश हुआ है। इसे अब और आगे ले जाने का लक्ष्य है।

कॉनक्लेव में अपर मुख्य सचिव लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मलय श्रीवास्तव, प्रमुख सचिव लोक निर्माण नीरज मंडलोई, प्रमुख सचिव नगरीय विकास एवं आवास नीतेश व्यास ने भी अपनी बात रखी। सीआइआइ मध्य प्रदेश के अध्यक्ष अनुराग श्रीवास्तव ने कॉनक्लेव की रूपरेखा और उद्देश्यों पर प्रकाश डाला।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ