इंदौर, शहर के कई अस्पतालों के पास आक्सीजन की कमी हो रही है। आक्सीजन प्लांट से अस्पताल तक आक्सीजन लाने के लिए सिलेंडर भी उपलब्ध नहीं हो पा रहे है। ऐसे में नगर निगम द्वारा शहर के अलग-अलग हिस्सों में उद्योगों व कारखानों से आक्सीजन सिलेंडर एकत्र कर अस्पतालों को दिए जा रहे है। निगमायुक्त ने शहर के उन जोनल अधिकारियों को बाजार व उद्याेगों से आक्सीजन सिलेंडर एकत्र करने के निर्देश दिए थे जो इलाके उनके क्षेत्र में आते थे।
निगम की पांच जोन की टीमों द्वारा सोमवार को को भमोरी क्षेत्र में ट्रक बाडी बनाने वाले कारखानों, लसूडि़या, मेकेनिक नगर, भवंरकुआ, स्कीम नंबर 140 क्षेत्र में कारखानों, उद्योगों में इस्तेमाल की जाने वाले करीब 30 से ज्यादा आक्सीजन सिलेंडर एकत्र किए। इन्हें अस्पतालों को दिया जा रहा है ताकि अस्पतालों में भर्ती मरीजों को आक्सीजन आसानी से उपलब्ध हो सके। यदि सिलेंडर मालिक इनका किराया लेना चाहेगा तो निगम द्वारा उन्हें किराया देने की बात भी की जा रही है। अस्पतालों में आक्सीजन की स्थिति नियंत्रण में आने के बाद यह सिलेंडर उनके मालिकों को निगम द्वारा वापस किए जाएगे।
निगमायुक्त प्रतिभा पाल के मुताबिक अस्पतालों की जरुरत को देखते हुए शहर के उद्योगों व कारखाना संचालकों ने स्वेच्छा से यह सिलेंडर निगम को उपलब्ध करवाए हैं। गौरतलब है कि शहर के कई अस्पतालों में काफी ज्यादा संख्या में गंभीर संक्रमित मरीज भर्ती है और वहां पर आक्सीजन की कमी हो गई है। अस्पतालों को जो एजेंसियों आक्सीजन सप्लाई करती थी उन्होंने भी हाथ खड़े कर दिए है। इस वजह से निगम द्वारा अस्पतालों तक सिलेंडर के माध्यम से आक्सीजन पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

0 टिप्पणियाँ