कूनो पुल क्षतिग्रस्त होने से शिवपुरी-श्योपुर मार्ग बंद, कई कस्बों से गांवों का संपर्क टूटा
अतिवृष्टि की वजह से सिंध नदी में सैलाब के कारण मंगलवार की सुबह 8 बजे बांध का जल स्तर 246.15 मीटर पहुंच गया और एक साथ दस गेटों से 10800 क्यूमेक्स पानी छोड़ना पड़ा। बांध से नीचे नरवर व करैरा तहसील के गांवों में बाढ़ आ गई। जिसका दतिया तक असर पड़ा है। बुधवार को सेना, एनडीआरएफ व स्थानीय पुलिस ने हेलीकॉप्टर व नावों से करीब 315 लोगों को निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया है।
करैरा के सूंड गांव से 57, पुलहा 104, बहगवां 12, कारोवाह 7, बीजौर व चिताहरी गांव 50, धमधौली से 30 लोगों को निकाला है। कोलारस में सिंध नदी के दो रपटों के बीच गोरा टीला टापू पर बाढ़ में फंसे 50 लोगों को एनडीआरएफ ने रेस्क्यू करके सुरक्षित निकाला लिया है। वहीं जिले में दो लोग बह गए, जिनमें पहलवान रावत की मौत हो गई। वहीं रपटे से बहे चरवाहा परमाल प्रजापति लापता है। करंट लगने से दिनारा के खुंदावली में किसान प्रतापसिंह की मौत हो गई है।
ग्वालियर-मोहना से सीधा संपर्क टूटा
- बैराड़ के बूढ़दा गांव के पास पोहरी-मोहना रोड पर पार्वती नदी पर बने नए पुल की दोनों एप्रोच सड़क बह गई है। ग्वालियर व मोहना से सीधा संपर्क टूट गया था। शाम को ट्रैफिक चालू हो गया।
- बैराड़ तहसील में धौलागढ़ फाटक से पोहरी-मोहना रोड पर रायपुर गांव के पास पार्वती नदी पर बने नए पुल की एप्रोच सड़क बह गई। गोपाल सहित अन्य गांवों का बैराड़ से संपर्क टूट गया है।
- शिवपुरी शहर की नई फोरलेन बायपास रोड सिंहनिवास के पास पानी के बहाव से कट गई और सड़क के साथ दो ट्रक समा गए।
- खनियांधाना में रन्नौद-मायापुर रोड पर राजापुर गांव के पास पुल की एप्रोच बह गई है।
- कूनो से शिवपुरी-श्योपुर की सड़क क्षतिग्रस्त होने से श्योपुर से संपर्क कट गया है।
- बैराड़ में पार्वती नदी के सैलाब में सिलपरी, बनरेखड़ी, हर्रई गांव की सड़क बहने से संपक गई।
नदियों में आए सैलाब से पुल-पुलिया, सड़कें बहीं, गांवों का संपर्क टूटा
सिंध नदी का स्तर कम होने से पचावली का स्टेट कालीन पुल उभर आया है। लेकिन पानी के सैलाब में पुल का ऊपरी हिस्सा तीन-चार जगह से बह गया। पुलिस ने जेसीबी से दाेनों तरफ नाली खोदकर आवागमन रोक दिया है। खरैह व रन्नौद सहित सैकड़ों गांवों सहित ईसागढ़ व अशोकनगर मार्ग बंद हो गया है।
0 टिप्पणियाँ