अतिवृष्टि के बाद बदरवास तहसील के हथनापुर गांव में अचानक पक्षियों की मौत हो गई है। पेड़ से अचानक पक्षी टपकने लगे और तड़प-तड़पकर मरने लगे। यह माजरा देखकर शुरुआत में ग्रामीण स्तब्ध रह गए। इसके बाद पशुपालन विभाग को सूचना दी। पशुपालन विभाग ने मंगलवार की देर शाम गांव पहुंचकर 23 पक्षियों के शव बरामद कर लिए। पक्षियों की मौत के बाद बर्ड फ्लू की आशंका से ग्रामीण भयभीत हैं और घरों में कैद हो गए हैं।
बदरवास के हथनापुर गांव में पेड़ों पर बैठी गोरैया चिड़िया व जंगल बर्ड अचानक फलों की तरह टपकने लगीं। ग्रामीण यह माजरा देखकर स्तब्ध रह गए। ग्रामीणों की आंखों के सामने पक्षी तड़प तड़पकर दम तोड़ने लगे। अचानक पक्षियों की मौत देखकर ग्रामीण कुछ नहीं समझ पाए। बदरवास से पशु चिकित्सा डॉ. सोनू जैन स्टाफ के साथ मंगलवार की शाम 6-7 बजे के बीच पहुंचे। ग्रामीण इकट्ठे पक्षियों के शव ले आए। इन सैंपल को जांच के लिए हाई सिक्योरिटी लैब भोपाल भेज दिया है। बुधवार को दहशत के चलते ग्रामीण घरों में कैद होकर रह गए हैं।
तीन पक्षियों के सैंपल भोपाल भेजे हैं
तीन पक्षियों के सैंपल बुधवार को भोपाल भेज दिए हैं। इनमें दो गोरैया व एक जंगल बर्ड शामिल हैं। सैंपल रिपोर्ट शुक्रवार शाम या फिर शनिवार को मिल जाएगी। जांच में वजह सामने आ जाएगी।
डॉ. संजीव गौतम, अतिरिक्त उप संचालक, जिला पशु रोग अन्वेषण प्रयोगशाला शिवपुरी

0 टिप्पणियाँ