शिवपुरी :
संभागायुक्त के निर्देशानुसार जिले में सोमवार से बीट कार्यालय की शुरुआत हो गई है। अब ग्राम पंचायत स्तर पर ही ग्रामीणों की समस्याओं का निराकरण किया जाएगा। ग्रामीणों को अपनी छोटी-छोटी समस्याओं के लिए जिला मुख्यालय पर आने की जरूरत नहीं होगी।
जिले की ग्राम पंचायतों में सोमवार को बीट कार्यालय लगाया गया, जिसमें सचिव, रोजगार सहायक, पटवारी, आशा, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, कृषि, पीएचई विद्युत, पुलिस और राजस्व विभाग के कर्मचारी स्थानीय स्तर का अमला मौजूद रहा। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनी और उनका निराकरण किया।
सोमवार से शुरू हुई इस व्यवस्था की ग्रामीणों ने सराहना भी की। कई ग्रामीणों की समस्याओं का निराकरण मौके पर ही किया गया। इसमें समग्र आईडी, विद्युत संबंधी समस्या, राजस्व से संबंधित प्रकरण, महिला एवं बाल विकास से संबंधित योजनाएं आदि के आवेदन प्राप्त हुए। इसके अलावा पेयजल विद्युत संबंधी शिकायतों पर भी अमल किया गया।
उल्लेखनीय है कि ग्रामीणों को अपनी छोटी-छोटी समस्याओं के लिए जिला मुख्यालय या विकासखंड मुख्यालय तक परेशान ना होना पड़े और उनका समय भी बचे इसलिए ग्राम पंचायत स्तर पर ही बीट कार्यालय की शुरुआत की गई है। प्रत्येक सोमवार को सुबह 9 से 11 बजे तक बीट कार्यालय ग्राम पंचायत स्तर पर लगाया जाएगा जिसमें स्थानीय स्तर का अमला मौजूद रहेगा और लोगों की समस्याएं सुनेगा।
0 टिप्पणियाँ