जांजगीर चांपा, 15 मार्च,2022/
राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती किरणमयी नायक , सदस्य श्रीमति अर्चना उपाध्याय और सदस्य सुश्री शशीकांता राठौर द्वारा आज 13 प्रकरणों में सुनवाई की गई।
सामान्य प्रकृति के प्रकरणों की सुनवाई जिला स्तर पर सुश्री शशीकांता राठौर द्वारा आज नियत की गयी थी। जिसके परिपेक्ष्य में आयोग की सदस्य सुश्री शशीकांता राठौर द्वारा जांजगीर में निर्धारित की गई सामान्य प्रकृति के कुल 13 प्रकरणों की सुनवाई की गयी। उक्त प्रकरणों में से 11 प्रकरणों में दोनों पक्ष के पक्षकार उपस्थित हुए थे. 02 प्रकरणों में एक पक्षकार उपस्थित हुए।
11 प्रकरणों में से 03 प्रकरण नस्तीबद्ध किए गए। नस्तीबद्ध तीन प्रकरणों में से 01 प्रकरण में पारिवारिक एकीकरण हुआ। समझौता उपरान्त पति-पत्नी अपने घर चले गये। दूसरे प्रकरण में पति द्वारा पत्नी को भरण-पोषण 8 हजार रूपये की राशि देना स्वीकार किया गया।
तीसरे प्रकरण में पति के द्वारा पत्नी से औपचारिक संबंध विच्छेद उपरान्त पत्नी एवं बच्चों से संबंधित जन्म प्रमाण, टीकाकरण, आधार पंजीयन, मतदाता पहचान पत्र के अलावा अन्य प्रमाण पत्र अपने पास रख लिया गया था । जिसे वापस करना स्वीकार कर लिया गया। इस कारण उपरोक्त तीनों प्रकरण नस्तीबद्ध कर दिया गया तथा 13 में से शेष 10 प्रकरणों में आगामी सुनवाई तिथि नियत की गयी।
प्रकरणों की सुनवाई में जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री राजेन्द्र कश्यप के मार्ग दर्शन में सखी वन स्टॉप सेन्टर के केन्द्र प्रशासक एच. निशा खान, परामर्शदाता श्रीमति सरस्वती सोनी, केस वर्कर सुश्री सुषमा चंदेल की भागीदारी उल्लेखनीय रही। प्रकरणों की सुनवाई सौहाद्रपूर्ण माहौल में हुई। सुनवाई से समस्त पक्षकार संतुष्ट हुए।
0 टिप्पणियाँ