शिवपुरी के सुरवाया थाना अंतर्गत शिवपुरी-झांसी मार्ग से सटे हुए माधव नेशनल पार्क में अज्ञात कारणों के चलते आग भड़क गई। माधव नेशनल पार्क के बड़े क्षेत्र में आग भड़कने से धुएं का गुबार आसमान में छाया हुआ है। पार्क में फायर वाचर आग पर काबू पाने के लिए बीते कई घंटों से प्रयास कर रहे हैं।
इन वजहों से भड़की आग
माधव नेशनल पार्क के उपसंचालक अनिल सोनी ने जानकारी देते हुए बताया कि नेशनल पार्क की सीमा से सटे माधव नेशनल पार्क में देर रात 6 अलग-अलग जगह से आग लगी है। जिनमें 4 जगहों पर लगभग 375 बाय 375 मीटर का क्षेत्र आग की चपेट में आया है। अन्य 2 जगहों पर भी आग लगी है। जिनमें 100 बाय 100 मीटर के एरिए में आग भड़की है। सभी प्वाइंटों पर काउंटर फाइल के जरिए आग बुझाने का प्रयास किया जा रहा है आग और अधिक न फैले इसके लिए फायर लाइन भी बना दी गई है। इसके साथ ही फायर बिग्रेड की भी मदद ली गई है।
नेशनल पार्क में लगा मेला
माधव नेशनल पार्क में माता बलारी का मंदिर स्थित है। हर वर्ष चैत्र नवरात्रि में यहां भव्य मेले का आयोजन किया जाता है। जो नवरात्रि के छठ और सप्तमी को आयोजित होता है।माता का मंदिर नेशनल हाईवे से 15 किलोमीटर अंदर माधव नेशनल पार्क में स्थापित है। चैत्र नवरात्रि के मेले में शामिल होने के लिए लाखों की संख्या में श्रद्धालु मॉं के दर्शन करने पहुंचते हैं। कई ऐसे श्रद्धालु है जो पैदल भी माता के दरबार में पहुंचते हैं।
किसानों के खेत तक पहुंची आग
सरदारपुरा निवासी मलकीत सिंह के अनुसार नेशनल पार्क में भड़की आग की चिंगारी उनके खेत तक पहुंच गई है। जहां उनके खेत में खड़ी हुई गेहूं की फसल भी जलकर राख हुई है। हालांकि समय रहते फायर बिग्रेड की मदद से आग पर काबू पा लिया गया है

0 टिप्पणियाँ