Music

BRACKING

Loading...

श्रमिकों की सूची ग्राम पंचायत के सूचना पटल पर चस्पा करें- प्रभारी मंत्री

 प्रभारी मंत्री ने विभागीय कार्यों की समीक्षा की और अधिकारियों को दिए निर्देश


शिवपुरी,    पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री एवं शिवपुरी जिले के प्रभारी मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया जिले के भ्रमण पर आए और अधिकारियों के साथ विभागीय कार्यों की समीक्षा की। अभी अमृत सरोवर योजना अंतर्गत जिले में अमृत सरोवर बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा तालाब जीर्णोद्धार का कार्य भी किया जा रहा है। प्रभारी मंत्री ने कार्य प्रारंभ होने और पूर्ण होने के बाद अमृत सरोवर की वीडियोग्राफी कराने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा पुराने तालाबों का केचमेंट एरिया और स्तर चेक किया जाए और सक्षम अधिकारी से सर्टिफाइड होना चाहिए। इसके अलावा दैनिक श्रमिकों के नाम ग्राम पंचायत के सूचना पटल पर चस्पा करने के निर्देश दिए हैं। समीक्षा बैठक में पिछली बैठक के बिंदुओं पर चर्चा करते हुए पालन प्रतिवेदन की जानकारी ली।
बैठक में लोक निर्माण विभाग राज्य मंत्री सुरेश राठखेड़ा, जिला अध्यक्ष राजू बाथम, पूर्व विधायक जसवंत जाटव, पूर्व विधायक महेंद्र यादव, सांसद प्रतिनिधि हेमंत ओझा सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

उचित मूल्य दुकानों के संबंध में निर्देश
प्रभारी मंत्री ने समीक्षा करते हुए उचित मूल्य की दुकानों के संबंध में जानकारी ली और सेल्समैन की लिस्ट उपलब्ध कराने के निर्देश जिला पूर्ति अधिकारी को दिए हैं और कहा है कि उपभोक्ता भंडार की जांच कराएं।

स्वच्छता सर्वेक्षण के संबंध में निर्देश
प्रभारी मंत्री ने स्वच्छता सर्वेक्षण के संबंध में निर्देश देते हुए कहा कि स्वच्छता अभियान में सभी को सक्रिय होना है। कचरा गाड़ी घर घर जाकर कचरा एकत्रित करें और नगरीय निकायों द्वारा साफ सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए।

जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा
 जिले में 841 ग्रामों में जल निगम और 277 गांव में पीएचई द्वारा रेट्रोफिटिंग का काम किया जा रहा है। इसमें तेजी से काम करें और ठेकेदार द्वारा गुणवत्ता युक्त काम किया जाए। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग और जल निगम दोनों बेहतर निगरानी के साथ काम कराएं।

योजनाओं की जानकारी जनता तक पहुंचाने के निर्देश
प्रभारी मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया ने शासकीय योजनाओं की जानकारी जनता तक पहुंचाने के लिए माह में 2 दिन प्रत्येक विकासखंड में कैंप लगाने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा सभी विभागीय अधिकारी फील्ड में जाएं और जनता का फीडबैक ले। उसी के अनुसार काम करें। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी 10-10, गांव का क्लस्टर बनाकर ग्राम सभा आयोजित करके जनता की समस्याओं का निराकरण करें।

विद्युत विभाग की समीक्षा
विद्युत विभाग की समीक्षा करते हुए गांव में समाधान शिविर लगाने के निर्देश दिए हैं। इन शिविरों के माध्यम से जिन लोगों के बिजली बिल अधिक हैं और किसी क्षेत्र में विद्युत संबंधी समस्या है उसका निराकरण किया जाए।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ