गरीबों के राशन में लगातार हेरफेर की जा रही है, जिसकी शिकायत भी हो रही है। लेकिन प्रभावी कार्रवाई न होने के चलते उचित मूल्य दुकानदार कालाबाजारी से बाज नही आ रहे है। ऐसा ही मामला शहर के वार्ड 20-21 के लिए संचालित उचित मूल्य दुकान का सामने आया। जहां से करीब 2 लाख का गेहूं-चावल-बाजरा गायब मिला।
मंगलवार की शाम 4.15 बजे फूड इंस्पेक्टर लवली गोयल व सुनीलदत्त शर्मा श्रीनाथ उपभोक्ता भंडार के द्वारा संचालित शासकीय उचित मूल्य दुकान वार्ड 20-21 पर पहुंचे। यहां दुकान बंद पाई गई, जिस पर राशन वितरण नही होना पाया गया।
इसके बाद फूड इंस्पेक्टर ने प्रबंधक पवन दुबोलिया व संचालक असलम खां को मौके पर बुलाया। इसके साथ ही पांच अन्य लोग भी आए। यहां स्टॉक चेक करने पर गेहूं, चावल, बाजरा और शक्कर कम पाई गई। जबकि नमक की मात्रा अधिक पाई गई। उक्त कम स्टॉक की कीमत लगभग 2 लाख रुपए आंकी गई। जिसे उक्त प्रबंधक व संचालक के द्वारा खुर्दबुर्द कर दिया गया था।

0 टिप्पणियाँ