शिवपुरी जिले के कोलारस कस्बे में स्थित रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टर क्वार्टर से अज्ञात चोर ने हजारों रुपए के माल पर हाथ साफ कर दिया। यह वारदात बुधवार को सुबह 8 बजे से रात 8 बजे के बीच की बताई जा रही है। चोरों ने क्वार्टर की पिछली सीमेंट की खिड़की तोड़कर भीतर घुसकर चोरी को अंजाम दिया
जानकारी के अनुसार, कोलारस रेलवे स्टेशन पर पदस्थ स्टेशन मास्टर कमल प्रसाद मीणा, जो कि राजस्थान के निवासी हैं, वर्तमान में स्टेशन मास्टर के रूप में सेवाएं दे रहे हैं। उनका सरकारी क्वार्टर स्टेशन के पास ही स्थित है। गर्मियों की छुट्टियों के चलते उनकी पत्नी और बच्चे राजस्थान गए हुए हैं। इस दौरान उनकी ड्यूटी सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक चल रही है।
कमल प्रसाद मीणा ने बताया कि बुधवार सुबह वे समय पर ड्यूटी पर पहुंच गए थे। दोपहर में चाय पीने के लिए क्वार्टर गए, लेकिन चाबी स्टेशन पर ही भूल आए थे, जिस कारण पड़ोसी के यहां चाय पीकर वापस ड्यूटी पर लौट गए। रात 8 बजे ड्यूटी खत्म करने के बाद जब वे अपने क्वार्टर लौटे तो दरवाजे पर ताला लगा था। ताला खोलकर अंदर प्रवेश किया तो घर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए।
क्वार्टर की पिछली खिड़की टूटी हुई थी और घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी टूटी हुई थी और उसमें रखे करीब 5000 रुपये नगद, नाक की सोने की बाली, तथा दो जोड़ी सोने की कान की बाली चोरी हो चुकी थीं। घटना की सूचना कोलारस थाना पुलिस को दी गई है। पुलिस मामले की जांच शुरू कर दी है।
0 टिप्पणियाँ