पैसों के लिए ससुराल पक्ष करता था प्रताड़ना, मायके वालों का आरोप
6 वर्षीय बेटे ने ताऊ-ताई पर लगाए गंभीर आरोप
शिवपुरी जिले के रन्नौद थाना क्षेत्र के बेदमऊ गांव में एक 25 वर्षीय विवाहिता रामदेवी उर्फ रेखा लोधी की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। गुरुवार सुबह परिजन उसे गंभीर हालत में जिला मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे थे, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
रामदेवी की मौत के मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि मृतका के 6 वर्षीय बेटे नैतिक ने अपनी मां की मौत को लेकर जो बयान दिया, उसने पुलिस को भी चौंका दिया। नैतिक ने आरोप लगाया है कि उसके ताऊ देवेंद्र लोधी और ताई रेखा लोधी ने पहले उसकी मां के साथ मारपीट की, फिर जबरन जहर की गोलियां खिलाई।
वहीं, मृतका के भाई नीरज लोधी ने भी ससुराल पक्ष पर पैसों के लिए लगातार प्रताड़ित करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
जानकारी के मुताबिक, रामदेवी की शादी 8 साल पहले चंद्रभान लोधी से हुई थी। उनके एक 6 साल का बेटा नैतिक है। गुरुवार सुबह रामदेवी को अचेत अवस्था में अस्पताल लाया गया था। प्रारंभिक जानकारी में ससुराल पक्ष ने जहरीली गोली खाने की बात कही थी, लेकिन कुछ देर बाद ही रामदेवी की मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही मृतका के मायके वाले भी मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। यहां उन्होंने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया।
पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम पैनल से कराया है। रन्नौद थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। बच्चे के बयान और परिजनों के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस द्वारा विवेचना की जा रही है।
0 टिप्पणियाँ