शिवपुरी जिला मुख्यालय पर मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में शिवपुरी शहर की महिलाएं अपनी समस्याएं लेकर पहुंचीं। इस दौरान एक महिला लाली जाटव निवासी कमलागंज ने कलेक्टर को बताया कि उसने वर्ष 2020 में जिला अस्पताल शिवपुरी में नसबंदी करवाई थी, लेकिन पांच साल बीत जाने के बाद भी उसे प्रोत्साहन राशि नहीं मिल पाई।
महिला का कहना था कि इस संबंध में वह कई बार सीएमएचओ और सिविल सर्जन से शिकायत कर चुकी है, यहां तक कि सीएम हेल्पलाइन पर भी शिकायत दर्ज कराई, लेकिन संबंधित अधिकारी और कर्मचारी शिकायत को कटवा देते हैं। महिला का आरोप है कि राशि जिला अस्पताल में आ चुकी है, फिर भी अब तक उसके खाते में ट्रांसफर नहीं की गई और उसे जानबूझकर परेशान किया जा रहा है।
इधर, शिवपुरी की करीब आधा दर्जन महिलाएं भी जनसुनवाई में पहुंचीं और लाड़ली बहना योजना की राशि बंद होने की शिकायत दर्ज कराई। महिलाओं ने बताया कि पिछले 3–4 महीनों से उनके खाते में योजना की मासिक किस्तें नहीं आ रही हैं, जबकि उन्होंने डीबीटी, आधार मैपिंग और ई-केवाईसी सहित सभी जरूरी औपचारिकताएं समय पर पूरी की हैं।
महिलाओं ने कलेक्टर से मांग की कि उनकी किस्तें तत्काल शुरू कराई जाएं, क्योंकि यह राशि उनके घर खर्च और दैनिक जरूरतों के लिए बेहद जरूरी है।

0 टिप्पणियाँ