शिवपुरी। मंगलवार को जिला मुख्यालय पर आयोजित जनसुनवाई में कर्मचारियों और सेवानिवृत्त कर्मियों ने कलेक्टर के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं।
पहले मामले में नगरपालिका परिषद शिवपुरी में आउटसोर्स कंपनी डिवाइन वेस्ट मैनेजमेंट के माध्यम से कार्यरत रहे आई.सी. मेम्बर और कम्प्यूटर ऑपरेटरों ने चार माह का बकाया वेतन न मिलने की शिकायत की। आवेदकों ने बताया कि जनवरी 2024 से मार्च 2025 तक उन्होंने सेवाएं दीं, लेकिन दिसम्बर 2024 से मार्च 2025 तक का वेतन आज तक भुगतान नहीं किया गया है। वेतन न मिलने से उन्हें आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है।
दूसरे मामले में नगरपालिका शिवपुरी से सेवानिवृत्त कर्मचारी रामस्वरूप शर्मा (भृत्य) और हरनाम सिंह कुशवाह (माली) ने जी.पी.एफ., बीमा, छुट्टियों की राशि, समयमान, वेतनमान और प्रतिमाह पेंशन का भुगतान न होने की शिकायत दर्ज कराई। सेवानिवृत्त कर्मियों ने कहा कि 31 जुलाई 2025 को सेवा निवृत्त होने के बाद भी उन्हें सेवानिवृत्ति लाभ नहीं मिले हैं, जिससे वे वृद्धावस्था में आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं।
दोनों मामलों में आवेदकों ने कलेक्टर से शीघ्र निराकरण की मांग की।

0 टिप्पणियाँ