शिवपुरी शहर के झांसी रोड स्थित रेज ऑफिस के पास रहने वाले अशोक रजक की मौत का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। अशोक रजक 21 जून की सुबह 10 बजे अपनी टैक्सी लेकर घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। काफी तलाश के बाद उनकी टैक्सी शहर के नीलनगर चौराहे पर लावारिस हालत में खड़ी मिली। परिजनों ने तत्काल देहात थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी, लेकिन पांच दिन बाद 26 जून को अशोक का शव पोहरी बस स्टैंड के पास बरामद हुआ।
इस घटना से स्तब्ध पत्नी मोहनी रजक ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि उनके पति को सईसपुरा निवासी कल्लू खटीक और दीपक अपने साथ ले गए थे। मोहनी ने आरोप लगाया कि इन्हीं लोगों ने उनके पति की हत्या की है। हालांकि कोतवाली पुलिस द्वारा कराए गए पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण जहर सेवन बताया गया है, जिसे लेकर परिवार संतुष्ट नहीं है।
परिजनों का कहना है कि पुलिस अब तक मामले के आरोपियों को गिरफ्तार करने में नाकाम रही है, जिससे उनके मन में गहरा आक्रोश है। पीड़ित पत्नी का यह भी कहना है कि जब से उन्होंने आरोपियों पर शक जाहिर किया है, तब से उनके घर के आसपास कुछ असामाजिक तत्वों की आवाजाही बढ़ गई है, जिससे वे खौफ के साये में जीने को मजबूर हैं। मोहनी रजक ने आज मंगलवार की दोपहर 1 बजे कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की गुहार लगाई है। पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की मांग की है।

0 टिप्पणियाँ