शिवपुरी शहर के फतेहपुर क्षेत्र में लगे सन सिटी मेले में जलपरी शो करने आई उज्जैन की दो युवतियों ने मेला ठेकेदार पर छेड़छाड़ और तय भुगतान नहीं देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। दोनों युवतियों ने मामले की लिखित शिकायत कोतवाली पुलिस को सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
युवतियों ने बताया कि उन्हें उज्जैन से सन सिटी मेले में जलपरी शो करने के लिए बुलाया गया था। ठेकेदार से प्रति दिन 7000 रुपये मानदेय और बाउंसर के लिए प्रतिदिन 600 रुपये अतिरिक्त देने की सहमति हुई थी। उनके साथ कुल पांच लोगों का स्टाफ करीब 24 दिनों से शिवपुरी में रहकर लगातार शो कर रहा था।
युवतियों का आरोप है कि शुरुआत में ठेकेदार ने 10 दिनों का भुगतान कर दिया, लेकिन शेष 1 लाख 12 हजार 300 रुपये मांगने पर उसने मेला ठीक से नहीं चलने का हवाला देते हुए पैसे देने से इनकार कर दिया। इसी दौरान विरोध करने पर ठेकेदार ने उनके साथ छेड़छाड़ की। आरोप है कि बार-बार भुगतान मांगने के बावजूद न तो पूरा पैसा दिया गया और न ही संतोषजनक जवाब मिला, जिसके बाद उन्होंने कोतवाली पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
वहीं, मेला ठेकेदार ने सभी आरोपों को निराधार बताया है। उसका कहना है कि संबंधित स्टाफ का करीब 40 हजार रुपये भुगतान शेष है, जिसे वह देने के लिए तैयार है। ठेकेदार का दावा है कि युवतियां वास्तविक राशि से अधिक पैसे की मांग कर रही हैं और दबाव बनाने के लिए छेड़छाड़ के झूठे आरोप लगाए गए हैं।

0 टिप्पणियाँ