भोपाल (10 अगस्त, 2026): भारत निर्वाचन आयोग द्वारा शुरू किया गया एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म ECINET देश के नागरिकों और मतदाताओं के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। आयोग के इस बहुउपयोगी मोबाइल ऐप को अब तक 10.80 करोड़ से अधिक यूजर्स डाउनलोड कर चुके हैं। मतदाता पंजीकरण से लेकर e-EPIC डाउनलोड, शिकायत निवारण और चुनाव परिणामों के रुझानों तक—तमाम प्रमुख चुनावी सेवाएं अब एक ही मंच पर उपलब्ध कराई जा रही हैं।
आधुनिक तकनीक से सशक्त होता लोकतंत्र मुख्य निर्वाचन आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार, निर्वाचन आयुक्त डॉ. सुखबीर सिंह संधू और डॉ. विवेक जोशी की सोच पर आधारित इस ऐप का शुभारंभ 22 जनवरी 2026 को हुआ था।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार के अनुसार, ECINET का निर्माण पूरी तरह से विधिक प्रावधानों और संविधान की गरिमा को ध्यान में रखकर किया गया है। यह प्लेटफॉर्म हिंदी और अंग्रेजी समेत संविधान की 8वीं अनुसूची में शामिल सभी 22 भाषाओं में काम करता है। सूचना प्रौद्योगिकी महानिदेशक डॉ. सीमा खन्ना ने बताया कि आज के दौर में तकनीक केवल एक सहायक व्यवस्था नहीं, बल्कि रणनीतिक सशक्तीकरण का माध्यम है। ECINET चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता, दक्षता और जनविश्वास को नए आयाम दे रहा है।
विश्व का सबसे बड़ा निर्वाचन सेवा प्लेटफॉर्म
ECINET दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र की चुनावी जरूरतों को पूरा करने वाला सबसे बड़ा एकीकृत डिजिटल मंच बन गया है। इसमें निर्वाचन आयोग के 40 से अधिक अलग-अलग मोबाइल ऐप और पोर्टलों को एक साथ जोड़ा गया है।
इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से अलग-अलग लॉगिन और बार-बार ऐप डाउनलोड करने की झंझट समाप्त हो गई है। यह नागरिकों, उम्मीदवारों, राजनीतिक दलों और चुनाव अधिकारियों को एक सुरक्षित डिजिटल ढाँचे में जोड़ता है।
ECINET की प्रमुख विशेषताएं और सेवाएं
- सुगम मतदाता सेवाएं: नया मतदाता पंजीकरण, वोटर लिस्ट में नाम खोजना, आवेदन की स्थिति जांचना और डिजिटल वोटर कार्ड (e-EPIC) डाउनलोड करना।
- अधिकारियों से सीधा संपर्क: अपने क्षेत्र के बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) की जानकारी प्राप्त करना या कॉल बुक करना।
- पारदर्शिता और निगरानी: प्रत्याशियों के हलफनामे (Affidavits) देखना, आचार संहिता (MCC) उल्लंघन की शिकायत दर्ज कराना और दिव्यांगजनों के लिए विशेष सेवाएं (Saksham)।
- त्वरित परिणाम और डेटा: चुनाव के दौरान लाइव वोटिंग प्रतिशत, रुझान और पिछले चुनावों के विस्तृत आंकड़े देखना।
रिकॉर्ड समय में डेटा का प्रकाशन
हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों और उपचुनावों के इंडेक्स कार्ड व सांख्यिकीय आंकड़े मतदान परिणाम घोषित होने के मात्र 72 घंटे के भीतर ECINET पर उपलब्ध करा दिए गए। पूर्व में मैन्युअल प्रविष्टि के कारण इस कार्य में महीनों का समय लगता था, लेकिन इस नई व्यवस्था ने डेटा उपलब्धता को पारदर्शी और त्वरित बना दिया है।
मीडिया और शोधकर्ताओं के लिए वरदान
निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के लिए ECINET एक आधिकारिक और प्रामाणिक स्रोत बनकर उभरा है।
- त्वरित तथ्य सत्यापन: चुनाव कवरेज के दौरान आंकड़ों का वास्तविक समय में सत्यापन।
- समय की बचत: एक ही जगह पर सारा आधिकारिक डेटा उपलब्ध होने से कवरेज अधिक सटीक और समयबद्ध हुई है।
कैसे करें डाउनलोड? यह ऐप एंड्रॉइड और iOS दोनों प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है। नागरिक इसे गूगल प्ले स्टोर, एप्पल ऐप स्टोर या भारत निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट (eci.gov.in) पर जाकर डाउनलोड कर सकते हैं।
0 टिप्पणियाँ