श्योपुर. शहर के गिर्राज घाट क्षेत्र में बुधवार सुबह तब सनसनी फैल गई, जब एक नवजात बच्ची का शव सीप नदी में तैरता मिला। नवजात बच्ची का जन्म एक दिन पहले ही हुआ था। उसे जन्म के बाद जिंदा ही नदी में फेंक देने की आशंका है, क्योंकि नवजात बच्ची नदी में गिरने से पहले जिंदा थी। इसका पता पुलिस को नवजात बच्ची का जिला अस्पताल में पीएम कराने के दौरान चला है।
कोतवाली थाना पुलिस ने मर्ग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी, जबकि नवजात बच्ची के शव को पीएम के बाद दफना दिया। दरअसल बुधवार की सुबह सीप नदी के गिर्राज घाट पर स्नान आदि के लिए पहुंचे लोगों को एक नवजात बच्ची का शव तैरता मिला। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना के बाद कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। ऐसा अंदेशा जताया जा रहा है कि नवजात बच्ची को जन्म के बाद कपड़े में लपेटकर रात के समय नदी में फेंका गया है, लेकिन इस नवजात को फेंकने वाली निर्दयी मां का अभी पता नहीं चला है। पुलिस इसकी जांच कर रही है।
नवजात बच्ची को जन्म के बाद नदी में फेंकने की बात पीएम के दौरान सामने आई है, लेकिन इसे किसने फेंका, इसका अभी पता नहीं चला है। मर्ग दर्ज कर इसकी जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
यश बिजौरिया, थाना प्रभारी, कोतवाली

0 टिप्पणियाँ