भोपाल - CM शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को कहा कि कोरोना की रफ्तार कम नहीं हो रही। इंदौर भोपाल समेत 11 जिलों में रोजाना 20 से ज्यादा केस आ रहे हैं। इसलिए यहां होली पर गेर और जुलूस निकालने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। त्योहार पर मामूली संख्या में ही इकट्ठा हो पाएंगे। शादी और अंतिम संस्कार जैसे कार्यक्रमों में भी आने वाले लोगों की संख्या सीमित ही रहेगी।
हालांकि संख्या को लेकर अभी सरकार ने स्पष्ट नहीं किया है। इन जिलों में जनसुनवाई भी स्थगित की जा सकती है, जो कलेक्टर के विवेक पर निर्भर करेगा। रोजाना 20 से अधिक मरीज वाले जिलों में इंदौर, भोपाल के अलावा जबलपुर, ग्वालियर, खरगोन, उज्जैन, सागर, बैतूल, रतलाम, छिंदवाड़ा और खंडवा शामिल है। यहां प्रतिबंध लागू होंगे।
इधर, अशोकनगर में होने वाले करीला माता मेले को भी रद्द कर दिया गया है। जिन जिलों में केस 20 से कम आ रहे हैं, वहां पाबंदियों को लेकर फैसला जिला स्तरीय क्राइसिस मैनेजमेंट कमेटी पर छोड़ दिया गया है।
सीएम द्वारा बैठक में बताया गया कि रतलाम में राजस्थान और गुजरात सीमा पर चेकिंग प्वाइंट बनाए गए हैं। अशोकनगर में हर साल होने वाला होली मेला इस साल स्थगित कर दिया गया है। इसी तरह निवाड़ी जिले की सीमा उत्तर प्रदेश से लगी है। झांसी में कोरोना संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। ऐसे में मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमा पर चेकिंग प्वाइंट पर सतर्कता बरती जाए।
जागरूकता के लिए अगले एक सप्ताह तक रोजाना सुबह 11 बजे और शाम को शहरी क्षेत्रों में दो मिनट के लिए सायरन बजाए जाएंगे। मास्क, सोशल डिस्टेंसिंग ओर सैनिटाइजिंग को लेकर अपील की जाएगी। इसके बाद रोको-टोको अभियान भी चलेगा।

0 टिप्पणियाँ