भोपाल- भोपाल के एक प्रेमी जोड़े ने ट्रेन से कट कर जान दे दी। शव शहर से 40 किलोमीटर दूर भीमबेटका के पास रेलवे ट्रैक पर मिला था। घटना 3 दिन पहले की है। दो थानों की पुलिस 3 दिन से दोनों की तलाश कर रही थी। ट्रेन के ड्राइवर के मुताबिक घटना के समय दोनों एक-दूसरे का हाथ पकड़कर ट्रैक पर खड़े थे। उसने हॉर्न बजाया और चिल्लाकर हटने के लिए कहा। लेकिन दोनों नहीं हटे।
लड़की नाबालिग है। बताया जाता है कि उसकी सगाई कहीं और हो गई थी, जिससे वह नाराज थी। पुलिस को आशंका है कि उसने इसी कारण अपने प्रेमी के साथ यह कदम उठाया। हालांकि दोनों के पास कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस को शक है कि दोनों ने अलग-अलग धर्म की वजह से आत्महत्या की है।
पुलिस ने बताया कि दोनों ने 19 मार्च को ही ट्रेन के सामने आकर जान दे दी थी। जन शताब्दी के ड्राइवर ने पुलिस को घटना की सूचना दी थी। उसने बताया था कि उसने काफी हॉर्न बजाया और दोनों को ट्रैक से हटने के लिए चिल्लाया भी। लेकिन वे एक दूसरे का हाथ पकड़े रहे और ट्रैक से नहीं हटे।
पुलिस ने बताया कि नाबालिग लड़की और असलम एक दूसरे को प्यार करते थे। लड़की की सगाई कहीं और पक्की हो गई थी। 19 मार्च की दोनों घर से बिना बताए निकल गए थे। उसके बाद से उनका कुछ पता नहीं था। परिजन उनकी तलाश कर रहे थे। लेकिन उन्हें अहसास भी नहीं था कि दोनों ने खुदकुशी जैसा कदम उठा लिया होगा।
पुलिस के अनुसार पड़ताल में पता चला कि दोनों भोपाल से एक टैक्सी लेकर भीमबेटका पहुंचे थे। जिसके लिए दोनों ने 1600 रुपए भी टैक्सी ड्राइवर को दिए थे। पुलिस उसी टैक्सी ड्राइवर की मदद से औबेदुल्लागंज तक पहुंच पाई और उसने ही पुलिस को दोनों को रेलवे ट्रैक के पास छोड़े जाने की जानकारी भी दी थी। पुलिस के मुताबिक नाबालिग 17 साल की है और 12वीं में पढ़ती थी, जबकि लड़का कुछ नहीं करता है। लड़की के पिता ऑटो चलाते हैं। पुलिस अब परिजनों से पूछताछ कर यह जानने का प्रयास कर रही है कि आखिर ऐसे क्या हालात बने कि दोनों ने जाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने इस मामले को किसी भी तरह से लव जिहाद का होने से इनकार किया है।

0 टिप्पणियाँ