शिवपुरी प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना (पीएमजीकेएवाय) के तहत जिले में कोरोना काल में मई और जून महीने का 97 हजार 500 क्विंटल गेहूं राशन दुकान संचालकों को दिया गया। 18.76 करोड़ कीमत का यह गेहूं जिले के 2.39 लाख गरीब परिवारों काे बांटा जाना था लेकिन राशन माफिया ने गरीबों को न बांटकर ज्यादातर गेहूं हजम कर लिया।
कई जगह हितग्राहियों से बायोमेट्रिक मशीन पर अंगूठा लगवाने के बाद भी गांव में किसी को राशन नहीं बांटा। वहीं कुछ जगह दो माह का अंगूठा लगवाने के बाद सिर्फ एक माह का राशन दिया गया। दैनिक भास्कर ने पांच गांवों के लोगों को ऑनलाइन पोर्टल के अनुसार बांटा गया राशन और वास्तव में उन्हें मिला या नहीं, इसकी ग्राउंड रिपोर्ट की तो चौंकाने वाली हकीकत सामने आई।
इन उदाहरणों से समझें हकीकत: कुछ दुकानों पर एक माह का बांटा, कई जगह दोनों महीने का राशन डकारा
रिकाॅर्ड में पूरा गेहूं बांटा, हकीकत में ग्रामीणों को मिला नहीं
दुकान : मुहारीकलां सेल्समैन : बलवीर यादव
स्थिति : केंद्र से जारी 772 परिवारों को मई व जून का कुल 301.60 क्विंटल गेहूं पोर्टल पर बांटे जाने की एंट्री कर दी। गांव के राजेंद्र जैन (परिवार आईडी-27859290) को दोनों माह का गेहूं नहीं मिला है और पोर्टल पर 15-15 किग्रा गेहूं बांटे जाने की एंट्री है। दूसरे हितग्राही रमेश साहू (परिवार आईडी-26570591) को भी गेहूं नहीं मिला है। पोर्टल पर दोनों माह की 25-25 किग्रा गेहूं की एंट्री है। यही हाल अन्य ग्रामीणों का है। सेल्समैन का दावा है कि उसने नोडल अधिकारी के सामने सभी को गेहूं बांटा है।
आदिवासियों को गेहूं का एक दाना तक नहीं मिला
दुकान : मामौनीखुर्द, सेल्समैन : महेश कुमार लोधी
स्थिति : पोर्टल पर 136 परिवारों को कुल 58.20 क्विंटल बंट चुका है। हितग्राही प्रकाश आदिवासी (परिवार आईडी-22914319) को मई व जून दोनों महीने का 20-20 किग्रा के मान से कुल 40 किग्रा गेहूं रिकाॅर्ड में बांटना दर्शाया, लेकिन सेल्समैन ने इस महीने एक दाना तक नहीं दिया। कल्लो आदिवासी (22836191) को 45-45 किग्रा के मान से 90 किग्रा राशन पोर्टल के अनुसार बंटा है, हकीकत में परिवार को कुछ नहीं दिया गया। शोभरन, रमेश सहित अन्य लोगों को भी इस महीने राशन नहीं मिला।
एक महीने का राशन दिया, पोर्टल पर दोनों माह की एंट्री
दुकान : डोंडियाई सेल्समैन : रामहेत पाल
स्थिति : केंद्र सरकार से आवंटित गेहूं की पोर्टल पर 285 परिवारों में बांटने की एंट्री सेल्समैन ने की है। कुल 101.15 क्विंटल गेहूं बांटा है। हकीकत में गरीबों को एक महीने का राशन दिया है और पोर्टल पर दो महीने का राशन बांटे जाने की एंट्री की है। हितग्राही मुसाब सिंह (परिवार आईडी-22929821) को दो सदस्यों का मई व जून का 10 किग्रा दिया लेकिन पोर्टल पर दोनों माह के 20 किग्रा राशन बांटने की एंट्री कर दी है। गांव के अन्य हितग्राहियों को भी राशन नहीं मिला है। इनमें कई आदिवासी परिवार हैं।
एक माह का बांटा, अंगूठा लगवाकर दो का बांटना दिखाया
दुकान : सरजापुर सेल्समैन : जंडेल सिंह सोलंकी
स्थिति : पोर्टल के अनुसार गांव में 247 परिवारों को 105.80 क्विंटल गेहूं बांटा जा चुका है। हितग्राही मंगल सिंह धाकड़ (परिवार आईडी 24240101) को रिकाॅर्ड में इस माह मई व जून का 30-30 किग्रा के मान से कुल 60 किग्रा गेहूं बांटा गया है। दैनिक भास्कर को मंगल ने बताया कि सेल्समैन ने सिर्फ 30 किग्रा गेहूं दिया है। गांव के दूसरे लोगों को भी सिर्फ एक महीने का गेहूं ही बांटा गया है जबकि मशीन में अंगूठा लगवाकर दो माह का राशन बांटना रिकॉर्ड में चढ़ाया गया है।
किसी को एक माह का राशन दिया, किसी को वह भी नहीं
दुकान: मेहरोली सेल्समैन: भारत पाल
स्थिति: यहां सेल्समैन ने अपने घर पर मशीन रखी है। महिला पुष्पापाल लोधी (23210245) को मई व जून का 50 किग्रा राशन रिकाॅर्ड में मिल चुका है। महिला का कहना है कि सेल्समैन ने घर पर मशीन में अंगूठा लगवाया और दुकान पर एक महीने का 25 किग्रा राशन ही दिया। हितग्राही बलवंत खंगार (27042760) काे रिकाॅर्ड में दो माह का 50 किग्रा राशन बांटा गया, लेकिन बलवंत को कुछ भी नहीं मिला। नत्थू खंगार (27044661) को बिना राशन दिए रिकाॅर्ड में दो माह का 50 किग्रा गेहूं बांटा है।

0 टिप्पणियाँ