MBBS में एडमिशन के नाम पर 12 लाख रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। यह रकम 2 जनवरी को महावीर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस एंड रिसर्च कॉलेज के काउंसिलिंग रूम में ली गई थी। इस मामले की शिकायत ग्वालियर के हुजरात कोतवाली थाने में की गई थी, जहां से जीरो पर मामला दर्ज कर केस डायरी भोपाल भेजी गई थी।
गांधी नगर पुलिस के मुताबिक ये नया सराफा, दानाओली ग्वालियर निवासी पंकज कुमार सिंघल ने बताया कि बेटे आर्यन व भतीजे तनुज ने नीट एग्जाम पास किया था। उनके मोबाइल पर रितेश का फोन आया। बताया कि वह महावीर मेडिकल कॉलेज भोपाल से बोल रहा है। उनके बच्चों का दाखिला इसी कॉलेज में हो जाएगा, आप भोपाल आ जाइए। इस पर पंकज दोनों को लेकर महावीर मेडिकल कॉलेज पहुंचे। रितेश उन्हें काउंसिलिंग रूम में राहुल नाम के व्यक्ति के पास ले गया। राहुल ने कागजात देखे और बोला कि फीस के अलावा 6-6 लाख रुपए देने होंगे। पंकज ने उसे 12 लाख रुपए व 11 ब्लैंक चेक दिए।
महावीर मेडिकल कॉलेज के सचिव डॉ. राजेश जैन ने कहा कि कॉलेज में राहुल और रितेश नाम का कोई कर्मचारी नहीं है। एफआईआर में जिन दो लड़कों के साथ ठगी होना बताया है, वे हरियाणा के एक मेडिकल कॉलेज में पढ़ रहे हैं। मप्र में 31 दिसंबर 2020 के बाद कोई एडमिशन नहीं हुआ है।

0 टिप्पणियाँ