शिवपुरी.खनिज विभाग ने शहरी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए चार डंपर बिना रॉयल्टी के पकड़े हैं। डंपराें में रेत और मुरम भरी हुई थी। सभी डंपरों को पुलिस अभिरक्षा में कोतवाली थाने में रखवा दिया गया है। माइनिंग विभाग द्वारा डंपरों के दस्तावेजों की जांच कर कार्रवाई की बात कही जा रही है।
जिला खनिज अधिकारी आरपी भदकारिया के निर्देश खनिज विभाग के अधिकारियों ने हाईवे पर से निकल रहे रेत व मुरम से भरे डंपरों की जांच की। इस दौरान डंपर चालकों से रॉयल्टी, सहित डंपर के अन्य दस्तावेज, लोड आदि चेक किया गया। किसी भी डंपर के पास फिलहाल कोई वैधानिक दस्तावेज नहीं मिला। चारों डंपरों को खनिज विभाग की टीम ने जब्त कर कोतवाली परिसर में खड़ा करवा दिया है।जब्त तीन डंपरों में रेत भरी हुई थी, जबकि एक डंपर में मुरम भरी है। खास बात यह है कि जिले में जब एक भी रेत की खदान चालू नहीं है तो फिर यह डंपर रेत कहां से लेकर आ रहे थे। बताया जा रहा है कि एक भी डंपर पर वैध रॉयल्टी नहीं मिली है, जिसके कारण इन्हें थाने में रखवाया गया है। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल सभी दस्तावेजों की जांच की जा रही है, जिसके बाद वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि कुछ दिनों पहले माइनिंग ने एक बोल्डर से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली भी जब्त किए हैं। इन ट्रैक्टर-ट्रॉली के चालक के पास भी कोई दस्तावेज नहीं थे। इस ट्रैक्टर-ट्रॉली को भी जब्त कर कोतवाली थाने में रखवा दिया गया है। इस मामले में भी अधिकारी कार्रवाई की बात कह रहे हैं।
नंबर प्लेट से करते हैं छेड़खानी
रेत और मुरम का अवैध व्यापार करने वाले डंपर मालिक डंपरों में लगी हुई, नंबर प्लेट पर डले हुए नंबरों के साथ छेड़छाड़ करते हैं। डंपर मालिकों द्वारा नंबर प्लेट को बिगाड़ने की कोशिश की गई थी। जिससे नंबर सही से दिखाई नहीं दें, जिससे फर्जी रॉयल्टी दिखाकर वह आसानी से विभाग की आखों में पर्दा डाल सके।


0 टिप्पणियाँ