नगर पालिका के अधिकारी सीएम हेल्पलाइन का झूठा जवाब दे रहे हैं। तीन बार शिकायत करने के बावजूद जब सड़क और नाली नहीं बनी तो इसकी शिकायत 181 पर लगाई। जिसके जवाब में अधिकारियों ने सीएम को लिख दिया कि यहां सड़क नाली बन गई है। रिपोर्ट भी भेज दी, यह सरासर झूठ है। अधिकारी चाहे तो अभी मेरे साथ वार्ड का भ्रमण कर सकते हैं, दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। आखिर अधिकारी ऐसा झूठ क्यों बोल रहे हैं, यह जनता के साथ धोखाधड़ी है।
अध्यक्ष जी आपने नया- नया पद संभाला है, नगर पालिका के अधिकारियों पर लगाम कसिए। यह सवाल वार्ड 09 महल कॉलोनी निवासी चौधरी विजय कुमार ने उठाया तो नगर पालिका के अधिकारियों पर इसका जवाब नहीं था। नपाध्यक्ष गायत्री शर्मा ने शिकायतकर्ता से कहा कि वह पूरी जिम्मेदारी से नगरपालिका में काम करेंगी और परिषद बैठक में हर वार्ड की समस्याओं का निराकरण करेंगी। दरअसल दैनिक भास्कर द्वारा वार्डों की समस्या और अधिकारियों का जवाब कार्यक्रम के तहत रविवार को नालंदा अकादमी में आयोजित तीसरे रूबरू कार्यक्रम में वार्ड 7, 8, 9, 10, 11, 12, 13, 14, 15 की समस्याओं को नगर पालिका अध्यक्ष गायत्री शर्मा एच ओ श्री खान, आर आई सुधीर शर्मा, सब इंजीनियर रामवीर शर्मा, बिजली कंपनी के अधिकारी और पीएचई के सुधीर अग्रवाल सहित विभागीय अधिकारी शामिल हुए।
जिन्हें जनता के तीखे सवालों का सामना करना पड़ा। नगर पालिका अध्यक्ष ने अलग-अलग वार्ड की समस्याओं लेकर टाइमलाइन भी तय की। वार्ड 09 की समस्या में महावीर नगर, शंकर कॉलोनी नाला और ठंडी सड़क की परेशानी को लोगों ने रखा। जिसमें वार्ड वासी सुमत जैन, अल्पेश जैन, मनोज कन्वेसर्स, गौपेंद्र जैन ने नाला सफाई और बिजली खंभे सहित कई समस्याओं को रखा। नपाध्यक्ष ने जल्द कार्य योजना बनाने की बात कही।
वार्ड 8 के बाशिंदे बोले- लंबे अरसे से ट्यूबवेल , सीवर लाइन खराब, कब होगा सुधार
वार्ड 7 के वाशिंदे संजय सांड ने अपनी परेशानी रख कर कहा कि पहले सीवर, फिर मडीखेड़ा खुदाई ने सड़क का चीरहरण कर दिया। ढूंढने से भी यहां सड़क नहीं मिल रही, कब मिलेगा समाधान। वहीं वार्ड 8 के बाशिंदों ने वार्ड के ट्यूबवेल वर्षों से खराब है, इनके सुधार की पहल अब तक नहीं हुई, कब सुधरेगी व्यवस्था। सीवर लाइन खुदाई के चलते मनियर तक का रास्ता खराब हो गया, कब सुधरेगा। इन समस्याओं को उठाया जिस पर अधिकारियों ने जल्द कार्य योजना बनाकर व्यवस्था बहाल करने की बात कही। सीवर लाइन की वजह से आ रही परेशानी के लिए पीएचई के अधिकारी सुधीर अग्रवाल ने कहा कि कार्यक्रम के उपरांत वह वार्ड में जाकर निरीक्षण करेंगे।
वार्ड 10, 11, 12, 13, 14, 15 में नाली, नाले पर अतिक्रमण, नपा अध्यक्ष बोली- हम अतिक्रमण हटाने तैयार, फिर विरोध मत करना
वार्ड 10, 11, 12, 13, 14, 15 के निवासियों ने सीधी शिकायत कर कहा कि यहां पर पानी निकासी, गंदगी, रास्ता सही ना होने की बड़ी समस्या है । लोगों ने अतिक्रमण कर रखा है, जिसकी वजह से नालियां प्रॉपर नहीं बनी, और थोड़े से पानी गिरने पर वार्ड में तालाब बन जाने जैसे हालात हो जाते हैं। यही नहीं कचरा गाड़ी की शिकायत भी लोगों ने की। इसके जवाब में नगर पालिका अध्यक्ष गायत्री शर्मा ने कहा कि मैं अतिक्रमण हटाने तैयार हूं, क्या आप सब लोग साथ देंगे। अतिक्रमण मुहिम चली तो फिर बीच में नहीं रुकेगी। आप फिर मत कहना कि वह हमारा रिश्तेदार है, उसका अतिक्रमण मत तोड़ो। आप सभी सिफारिश करने आएंगे, इसलिए मैं दो टूक बात कह रही हूं। वार्ड 11 की समस्या रखते हुए हरज्ञान प्रजापति और मुकेश जैन ने कहा कि सीएमओ से शिकायत करने के बावजूद भी कार्रवाई नहीं हो रही। अधिकारी वार्ड का मौका मुआयना कर आए पर समाधान अब तक नहीं। इस पर नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि मैं खुद वार्ड का निरीक्षण कर लोगों की समस्याओं का समाधान करूंगी

0 टिप्पणियाँ