शिवपुरी जिले के पोहरी थाना क्षेत्र के आकुर्सी गांव में चोरों ने एक ही रात में दो घरों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपए के जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। सुबह घटना का पता चलते ही गांव में हड़कंप मच गया। पुलिस ने दोनों मामलों में एफआईआर दर्ज कर अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
आकुर्सी गांव के रहने वाले प्रीतमलाल वर्मा (58) ने बताया कि वह 22 मार्च को शिवपुरी स्थित अपने मकान पर थे, जबकि गांव में उनका बेटा सतीश वर्मा परिवार सहित मौजूद था। 23 मार्च की सुबह करीब 4 बजे बेटे के फोन पर सूचना मिली कि घर में चोरी हो गई है। मौके पर पहुंचकर देखा तो कमरे का ताला टूटा हुआ था और सामान बिखरा पड़ा था। बक्से में रखी दो सोने की जंजीर, दो मंगलसूत्र, एक जोड़ी सोने की चूड़ी, चांदी की तोड़िया व बिछुए सहित करीब 70 हजार रुपये नगद गायब थे।
वहीं, इसी गांव के हाकिम धाकड़ (31) ने बताया कि 22 मार्च की रात उनका परिवार खाना खाकर सो गया था। सुबह करीब 4 बजे उनकी बेटी मुस्कान के उठने पर घर के पास वाले कमरे से आवाज आई। जांच करने पर कमरे का ताला और कुंडी टूटी मिली। अंदर रखी गोदरेज अलमारी का लॉक भी टूटा था और उसमें रखा मंगलसूत्र, सोने की पत्री, चांदी की करधौनी, तोड़िया, आठ जोड़ी बिछुए तथा 29 हजार रुपये नगद चोरी हो गए।
पोहरी थाना पुलिस ने दोनों फरियादियों की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आसपास के क्षेत्र में तलाश शुरू कर दी है।

0 टिप्पणियाँ