Music

BRACKING

Loading...

Shivpuri news : कोलारस में दो हादसे: गड्ढे में दबने और करंट लगने से दो युवकों की मौत, रेलवे ठेकेदार पर आरोप



शिवपुरी जिले के कोलारस थाना क्षेत्र में रविवार को दो अलग-अलग दर्दनाक हादसों में दो युवकों की मौत हो गई। अटरूनी गांव में गड्ढे में मिट्टी धंसने से एक युवक की जान चली गई, जिसमें परिजनों ने ठेकेदार को जिम्मेदार ठहराया है, जबकि कांकरा गांव में ट्रांसफार्मर पर काम करते समय करंट लगने से दूसरे युवक की मौत हो गई।


पहली घटना कोलारस थाना क्षेत्र के अटरूनी गांव में रविवार शाम करीब 5 बजे की है। यहां अटरूनी रेलवे क्रॉसिंग के पास पानी निकासी के लिए खोदे गए गड्ढे में गांव निवासी 38 वर्षीय मोहर सिंह कुशवाह पुत्र ठाकुर लाल कुशवाह गड्ढे को देखने के लिए उतरे थे। इसी दौरान ऊपर रखी मिट्टी अचानक उनके ऊपर गिर गई, जिससे वे मिट्टी में दब गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मिट्टी हटाकर उन्हें बाहर निकाला और मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। मेडिकल चौकी पुलिस ने मर्ग कायम कर सोमवार को पोस्टमार्टम कराते हुए जांच शुरू कर दी है।


परिजनों ने इस घटना का जिम्मेदार ठेकेदार को ठहराया है। उनका कहना है कि मोहर सिंह कुशवाह पिछले करीब एक साल से ठेकेदार के यहां 600 रुपए प्रतिदिन की दिहाड़ी पर मजदूरी कर रहा था। आरोप है कि ठेकेदार द्वारा ही उसे गड्ढे में उतारा गया, जिसके चलते यह हादसा हुआ।


वहीं दूसरी घटना कोलारस थाना क्षेत्र के कांकरा गांव में देर रात करीब 2 बजे की है। गांव निवासी 22 वर्षीय कन्हैया यादव बिजली ट्रांसफार्मर पर तार लगाने पहुंचा था। इसी दौरान उसे तेज करंट लग गया और वह बेहोश होकर गिर पड़ा। कुछ देर बाद परिजन मौके पर पहुंचे और उसे कोलारस स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।


परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शव परिजनों को सौंप दिया। दोनों मामलों में पुलिस जांच जारी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ