राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री राजेन्द्र प्रसाद सोनी के निर्देशन में शुक्रवार को अंतर्राष्ट्रीय न्याय दिवस के अवसर पर मंगलम शिवपुरी में विधिक साक्षरता शिविर आयोजित किया गया। शिविर का आयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं सामाजिक न्याय विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती रंजना चतुर्वेदी ने की।शिविर में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए श्रीमती रंजना चतुर्वेदी ने कहा कि न्याय प्रत्येक नागरिक का मूल अधिकार है और समाज में शांति, समानता तथा कानून के शासन को मजबूत बनाने में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय न्याय दिवस का उद्देश्य लोगों को उनके अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना तथा पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाने की व्यवस्था को मजबूत करना है। उन्होंने नागरिकों से किसी भी कानूनी समस्या की स्थिति में निःशुल्क विधिक सहायता का लाभ लेने की अपील की।कार्यक्रम में नालसा की टोल फ्री हेल्पलाइन 15100 की जानकारी दी गई तथा नालसा और सालसा द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया। शिविर में यह भी समझाया गया कि आर्थिक रूप से कमजोर, महिला, बच्चे, वरिष्ठ नागरिक, दिव्यांगजन तथा अन्य पात्र व्यक्ति जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त कर सकते हैं।इस अवसर पर लीगल एड डिफेंस काउंसिल शिवपुरी के डिप्टी चीफ श्री मनीष कुमार जैन, असिस्टेंट श्री नुपुर राठौर एवं श्री राधावल्लभ शर्मा ने डिफेंस काउंसिल योजना, निःशुल्क विधिक सहायता, वरिष्ठ नागरिकों के भरण-पोषण से जुड़े प्रावधानों तथा दैनिक जीवन में उपयोगी विभिन्न कानूनों की जानकारी दी। साथ ही उपस्थित लोगों की कानूनी जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें जरूरत पड़ने पर विधिक सेवा प्राधिकरण से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया।

0 टिप्पणियाँ