हमारी सरकार माननीय मुख्यमंत्री कमलनाथ जी के नेतृत्व मे पांच वर्ष अपना कार्यकाल पूरा करेगी। कांग्रेस के कोई भी सच्चे सिपाही विधायक कहीं जाने वाले नहीं हैं। यह बात आज अपने राजधानी भोपाल में स्थित सरकारी आवास पर पूर्व मंत्री, कांग्रेस के दिग्गज नेता एवं सुमावली विधानसभा से विधायक ऐदल सिंह कंषाना ने संक्षिप्त साक्षात्कार के दौरान कही। उन्होने कहा कि कांग्रेस का कोई विधायक किसी भाजपाई के समपर्क में नहीं है, कोरी अफवाह भाजपा द्वारा फैलाई जा रही है। मैं भी कहूं कि भाजपा के 15 विधायक मेरे समपर्क हैं तो वो सही नहीं है। वरिष्ठ होने के बावजूद अपने को मंत्री नहीं बनाए जाने पर कंषाना कहा कि प्रत्येक नेता के समर्थक चाहते हैं कि उनका नेता जीतकर मंत्री बने, क्योंकि मदताता और समर्थक ही मिलकर किसी नेता को विधायक बनाते हैं। मुरैना-श्योपुर संसदीय क्षेत्र में कांग्रेस के सात विधायक हैं और किसी को भी मंत्री न बनाये जाने पर लोकसभा चुनाव में मतदाताओं ने हमारी पार्टी को नकार दिया। अगर मुझे मंत्री बनाया जाता तो निश्चित ही जनता मुझे और मेरे कांग्रेस को जिताने के आग्रह को हलके में नहीं लेते और लोकसभा में मुरैना-श्योपुर संसदीय क्षेत्र में परिणाम कांग्रेस के पक्ष में आते। जिसका मुझे बहुत दुखः है कि हम मुरैना को नही जीत पाये।
सरकार को खुफिया एजेंसियां से जांच करानी चाहिए तो उसमें साफ निकल कर आयेगा कि क्षेत्र में मंत्री नहीं बनाये जाने से मुरैना, ग्वालियर, भिण्ड और राघवगढ़ तक इसका संदेश गलत गया। भविष्य में मंत्री-मंडल के विस्तार पर उन्हें शामिल किये जाने के सवाल पर कहा कि अब यह तो मुख्यमंत्री जी का विशेषाधिकार होता है।मगर चम्बल में जिस तरह मतदाताओं ने विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का साथ दिया था, उस आधार पर उन्हें मंत्री-मंडल में मुख्यमंत्री जी को शामिल करना चाहिए। देश व्यापी कांग्रेस की बुरी पराजय पर पूर्व मंत्री कंषाना कहा कि हमारी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को चाहिये कि मतदाताओं का आभार व्यक्त करते हुये संगठन को मजबूत करें। उन्होने स्वीकार करते हुये कहा कि यह बिलकुल सही है कि बड़ी हार से हमारा जमीनीस्तर का कार्यकर्ता निराश और हताशा में डूब हुआ है। इसके लिए हमारे नेतृत्व को चाहिये कि भारी-भरकम और चिठ्ठी लिखकर अपने हित साधने वाली राज्य कार्यकारणी को भंग कर जमीनी स्तर के मेहनती और कांग्रेस के लिए जान की बाजी लगा देने वाले कार्यकर्ताओं को प्रदेश, जिला और ब्लाॅक कार्यकारिणी में शामिल करे। इससे बदलाव निश्चय ही आयेगा और देश की सबसे बड़ी पार्टी कांग्रेस का परचम पुनः पूरे देश में फहरायेगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा चुनावों के दौरान मुलाकात में उनसे पूछा था कि आप वरिष्ठ विधायक होने पर भी मंत्री क्यों नहीं बने?चुनाव के बाद मुझसे मिलना। इस पर ऐदल सिंह कंषाना ने बताया कि वे जलदी ही राहुल गांधी जी से दिल्ली में मुलाकात कर अपनी बात उनसे कहेंगे। ऐदल सिंह कंषाना को ग्वालियर, भिण्ड और मुरैना व गुना जिले में कांग्रेस का लोकप्रिय चेहरा माना जाता है। वे मुरैना जिले की सुमावली विधानसभा से चौथी मर्तबा विधायक हैं और गुर्जर जाति से कांग्रेस के प्रदेश में बड़े चेहरे हैं।
भोपाल से श्रीगोपाल गुप्ता

0 टिप्पणियाँ