Music

BRACKING

Loading...

Shivpuri News : 15 वर्षीय किशोरी ने जंगल में लगाई फांसी, सड़क हादसे में 26 वर्षीय महिला की मौत




शिवपुरी जिले में दो अलग-अलग घटनाओं में एक 15 वर्षीय किशोरी और 26 वर्षीय महिला की मौत हो गई। गोपालपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार से लापता किशोरी का शव बुधवार सुबह जंगल में पेड़ पर फांसी के फंदे पर लटका मिला। वहीं सुभाषपुरा थाना क्षेत्र में एनएच-46 पर सड़क हादसे में जान गंवाने वाली अज्ञात महिला की पहचान लखनऊ निवासी नेहा रावत के रूप में हुई। पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। बुधवार को दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया।

जंगल में पेड़ से लटका मिला किशोरी का शव

घटना गोपालपुर थाना क्षेत्र के खटका गोपालपुर गांव की है। यहां 15 वर्षीय ज्योति आदिवासी पुत्री रामबरन आदिवासी मंगलवार दोपहर घर से लापता हो गई थी। परिजनों ने रातभर उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। बुधवार सुबह गांव के जंगल में उसका शव एक पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका मिला।


परिजनों ने बताया कि ज्योति गांव के 24 वर्षीय युवक के साथ रहने की जिद कर रही थी। इसी बात को लेकर वह नाराज होकर घर से निकल गई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

एनएच-46 पर हादसे में महिला की मौत, लखनऊ निवासी के रूप में हुई पहचान

दूसरी घटना सुभाषपुरा थाना क्षेत्र के एनएच-46 स्थित डिग्री पुल की है। यहां मंगलवार को सड़क किनारे एक महिला का शव और उसके पास स्कूटी मिली थी। प्रारंभिक तौर पर पुलिस ने इसे सड़क दुर्घटना माना और पहचान नहीं होने पर शव को मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी में रखवा दिया था।

बुधवार को मेडिकल कॉलेज पहुंचे परिजनों ने महिला की पहचान 26 वर्षीय नेहा रावत के रूप में की, जो मूल रूप से लखनऊ की रहने वाली थी। परिजनों ने बताया कि नेहा की शादी करीब छह वर्ष पहले हुई थी, लेकिन बाद में उसने पति से अलग होकर करीब तीन वर्ष पहले अपनी पसंद के युवक से दूसरी शादी कर ली थी। इसके बाद परिवार से उसका संपर्क टूट गया था। तीन साल बाद उन्हें उसकी सड़क हादसे में मौत की सूचना मिली। बता दें कि परिजन नेहा के शव को लखनऊ नहीं ले जाते हुए उन्होंने शिवपुरी में ही उसका अंतिम संस्कार कर दिया। 


जानकारी के अनुसार नेहा वर्तमान में ग्वालियर में रह रही थी। हादसे के समय उसके साथ एक युवक भी स्कूटी पर सवार था, जो घायल होने के बाद इलाज के लिए ग्वालियर चला गया। उसके चले जाने के कारण मौके पर महिला की पहचान तत्काल नहीं हो सकी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ