Music

BRACKING

Loading...

Shivpuri News : कोलारस SDM कार्यालय परिसर में पटवारी ने खाया जहर, वेतन रोकने से आर्थिक तंगी का लगाया आरोप; SDM बोले- जांच से बचने का प्रयास


शिवपुरी जिले के कोलारस एसडीएम कार्यालय परिसर में रन्नौद तहसील में पदस्थ एक पटवारी ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या का प्रयास कर लिया। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे तत्काल कोलारस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। 

अस्पताल में उपचार के दौरान प्रदीप गुप्ता ने बताया कि नामांतरण के प्रकरण में उससे गलती हो गई थी, जिसे उसने स्वीकार भी कर लिया था। वह अपने परिवार के साथ एसडीएम कार्यालय पहुंचकर अपनी भूल के लिए क्षमायाचना भी कर चुका है। इसके बावजूद पिछले 8 से 9 महीनों से उसका वेतन रोक दिया गया है। मंगलवार को सभी पटवारियों का वेतन आ गया था। लेकिन उसका वेतन रोक दिया गया।

पटवारी का कहना है कि लंबे समय से वेतन नहीं मिलने के कारण उसका परिवार आर्थिक संकट से गुजर रहा है। घरेलू खर्च चलाना मुश्किल हो गया था, जिससे मानसिक तनाव बढ़ता गया और मजबूरी में उसने यह कदम उठा लिया।

वहीं इस मामले में कोलारस एसडीएम अनूप श्रीवास्तव ने कहा कि संबंधित पटवारी द्वारा जमीनों के नामांतरण नियमों के विपरीत किए गए हैं। इस मामले की जांच चल रही है और विभागीय कार्रवाई होना तय है। उनके अनुसार पटवारी जांच और कार्रवाई से बचने के लिए इस तरह का कृत्य कर रहा है।

एसडीएम ने यह भी स्पष्ट किया कि पटवारी का वेतन एसडीएम कार्यालय से नहीं बल्कि तहसील कार्यालय से जारी होता है। उन्होंने बताया कि संबंधित पटवारी कई महीनों से तहसील कार्यालय भी नहीं पहुंचा है। संभव है इसी कारण उसकी सैलरी जारी नहीं हो सकी हो।

फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जानकारी जुटा रहे हैं, जबकि अस्पताल में पटवारी का उपचार जारी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ