अकोदा में राशन न मिलने से आक्रोशित हुए ग्रामीण, सरपंच के नेतृत्व में सौंपा ज्ञापन; 4 दिन में समाधान नहीं हुआ तो उग्रआंदोलन की चेतावनी !
कोलारस (शिवपुरी)। सरकारी फाइलों में योजनाएं भले ही गरीबों के चूल्हे जलाने का दावा करती हों, लेकिन कोलारस अनुविभाग की अकोदा ग्राम पंचायत में जमीनी हकीकत इसके बिल्कुल उलट है। यहाँ शासकीय उचित मूल्य की दुकान पर तैनात सेल्समैन की दबंगई और मनमानी के चलते दर्जनों गरीब परिवार पिछले तीन महीनों से दाने-दाने को मोहताज हैं। गरीबों के हक का राशन हड़पने और अभद्रता करने से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा आखिरकार फूट पड़ा। मंगलवार को सरपंच भानू प्रकाश लोधी की अगुवाई में आक्रोशित ग्रामीणों ने कोलारस एसडीएम कार्यालय का घेराव कर तीखी शिकायत दर्ज कराई।
अंगूठा लगवाया पर राशन डकार गए - ग्रामीणों का आरोप
अकोदा वनउपज सहकारी समिति रन्नौद के अंतर्गत संचालित इस राशन दुकान की कारगुजारी बेहद चौंकाने वाली है। ग्रामीणों का आरोप है कि पदस्थ सेल्समैन गोलू लोधी पिछले तीन माह से हितग्राहियों को लगातार चूना लगा रहा है। जब भी कोई गरीब राशन लेने दुकान पहुँचता है, तो पीओएस (POS) मशीन पर बायोमेट्रिक अंगूठा तो लगवा लिया जाता है, लेकिन हाथ में एक दाना भी नहीं थमाया जाता।
राशन मांगने पर "माल पीछे से नहीं आया" का रटा-रटाया बहाना बनाकर लोगों को भगा दिया जाता है। हद तो तब हो गई जब हक मांगने वाले ग्रामीणों के साथ सेल्समैन द्वारा खुलेआम गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया जाने लगा।
"पिछले तीन महीनों से एक भी पात्र परिवार को राशन नहीं मिला है। हम चक्कर काटकर थक चुके हैं, हर बार खाली हाथ लौटा दियाजाता है और शिकायत करने पर औकात दिखाने की धमकी दी जाती है।" — सीताराम (पीड़ित ग्रामीण)
प्रशासन को सीधा अल्टीमेटम: 4 दिन में कार्रवाई हो, वरना ठप करेंगे कामकाज
ग्राम पंचायत अकोदा के सरपंच भानू प्रकाश लोधी ने प्रशासन की सुस्ती पर सवाल उठाते हुए कहा कि लगातार शिकायतें मिलने के बाद भी जब सेल्समैन की मनमानी बंद नहीं हुई, तो ग्रामीणों को लेकर एसडीएम की चौखट पर आना पड़ा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोलारस एसडीएम ने दो दिन के भीतर निष्पक्ष जांच कराने, भ्रष्ट सेल्समैन को तत्काल हटाने और तीन महीने का रुका हुआ राशन वितरण कराने का आश्वासन दिया है। हालांकि, लंबे समय से छले जा रहे ग्रामीणों का सब्र अब जवाब दे चुका है। ग्रामीणों ने दोटूक शब्दों में चेतावनी दी है कि
यदि 4 दिन के भीतर दोषी सेल्समैन पर कड़ी कार्रवाई नहीं हुई और गरीबों को राशन नहीं बांटा गया, तो पूरा गाँव सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करेगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

0 टिप्पणियाँ