Music

BRACKING

Loading...

शिवपुरी में पांच दुकानों में चोरी करने वाला गैंग गिरफ्तार: फर्जी नंबर प्लेट लगाकर आए थे बदमाश, यूपी के चार आरोपी दबोचे Shivpuri News :

शिवपुरी शहर में एक ही रात पांच दुकानों में लाखों की चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले अंतरराज्यीय गैंग का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। शिवपुरी पुलिस ने उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद निवासी चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की नकदी, किराना सामान, रेडीमेड कपड़े और वारदात में इस्तेमाल की गई ब्रेजा कार सहित करीब 11.62 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया है।

जानकारी के मुताबिक 10-11 जुलाई की दरमियानी रात अज्ञात बदमाशों ने कोतवाली और देहात थाना क्षेत्र की पांच दुकानों के ताले तोड़कर चोरी की थी। मामले में देहात थाना और कोतवाली में अलग अलग अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। इसके बाद विशेष टीम गठित कर शहर के दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, टोल प्लाजा की जानकारी जुटाई गई और साइबर सेल की मदद से आरोपियों की तलाश की गई।

फर्जी नंबर प्लेट से पुलिस को गुमराह करने की कोशिश

जांच में सामने आया कि आरोपी वारदात के दौरान काले रंग की ब्रेजा कार पर HR-19-U-6699 नंबर की फर्जी नंबर प्लेट लगाकर घूम रहे थे। वारदात के बाद आरोपी भोपाल की ओर भाग गए। जब पुलिस ने टोल प्लाजा का रिकॉर्ड खंगाला तो इस नंबर की कार का कोई फास्टैग नहीं मिला। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज की गहन जांच में पता चला कि कार का वास्तविक फास्टैग UP-14-GN-8497 नंबर से कट रहा था। इसी अहम सुराग के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंच गई। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने भोपाल में भी चोरी की कुछ वारदातों को अंजाम दिया था।

उत्तर प्रदेश के चार आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई काले रंग की ब्रेजा कार (UP-14-GN-8497) बरामद कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में आस मोहम्मद (30) निवासी भोजपुर, जिला गाजियाबाद, कार्तिक शर्मा (24) निवासी लतिफपुर तीवड़ा, थाना मोदीनगर, जबरुद्दीन खान (23) निवासी गढ़ी गदाना, थाना मोदीनगर तथा आजाद खान (25) निवासी गढ़ी गदाना, थाना मोदीनगर, जिला गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) शामिल हैं।

11.62 लाख रुपये का मशरूका बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का 30,700 रुपये का किराना सामान, करीब 1 लाख रुपये के रेडीमेड कपड़े (जींस, पैंट और शर्ट), 27,156 रुपये नकद तथा वारदात में इस्तेमाल की गई करीब 10 लाख रुपये कीमत की ब्रेजा कार बरामद की है। कुल बरामद मशरूका 11,62,856 रुपये बताया गया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ