शिवपुरी जिले के पिछोर थाना पुलिस ने शादी के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए शनिवार को बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में कथित दुल्हन शिवानी लोधी और मुख्य आरोपी कल्ला उर्फ प्रेमकुमार लोधी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को उप जेल पिछोर भेज दिया गया। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
पिछोर एसडीओपी प्रशांत शर्मा ने बताया कि 13 जुलाई 2026 को हरियाणा के गुरुग्राम जिले के सोहना तहसील स्थित ग्राम बेंगोंला निवासी प्रीति फोगाट ने पिछोर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि कल्ला उर्फ प्रेमकुमार लोधी, शिवानी लोधी, प्राण सिंह यादव और उनके दो अन्य साथियों ने मिलकर योगेंद्र का वास्तविक विवाह कराने का झूठा भरोसा दिया।
एसडीओपी ने बताया कि आरोपियों ने पहले फोन-पे के माध्यम से 99 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए। इसके बाद पहले से तय स्थान पर पीड़ित परिवार का रास्ता रोककर और पैसे की मांग की। विरोध करने पर प्रीति फोगाट के साथ मारपीट की गई, वाहन में तोड़फोड़ की गई और कथित दुल्हन शिवानी को भी अपने साथ वापस ले जाया गया। इतना ही नहीं, पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई।
शिकायत के आधार पर पिछोर थाना पुलिस ने कल्ला उर्फ प्रेमकुमार लोधी निवासी ग्राम परतापपुरा थाना खनियाधाना, शिवानी लोधी निवासी ग्राम सेमरी थाना पिछोर, प्राण सिंह यादव निवासी ग्राम भगवंतपुरा तथा दो अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 332/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
एसडीओपी प्रशांत शर्मा ने बताया कि पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीब मुले के मार्गदर्शन में पिछोर थाना पुलिस ने शनिवार को दबिश देकर कल्ला उर्फ प्रेमकुमार लोधी और शिवानी लोधी को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपराध करना स्वीकार किया।
आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें उप जेल पिछोर भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि प्रकरण में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।
0 टिप्पणियाँ