Music

BRACKING

Loading...

Shivpuri News : कठमई में पानी से भरे गड्ढे में मिला युवक का शव, 24 घंटे बाद भी नहीं हो सकी पहचान, अवैध खनन बन रहा मौत का कारण

शिवपुरी शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित कठमई इलाके में पानी से भरे गड्ढे से बरामद युवक के शव की पहचान शनिवार शाम तक नहीं हो सकी। पुलिस आसपास के थानों से संपर्क कर मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है। प्रारंभिक तौर पर युवक की डूबने से मौत होने की आशंका जताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर पुलिस को कठमई क्षेत्र में पानी से भरे गहरे गड्ढे में एक युवक का शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर जिला अस्पताल की मोर्च्यूरी में रखवा दिया। मृतक के शरीर पर केवल अंडरवियर था और उसकी उम्र करीब 25 से 30 वर्ष के बीच आंकी जा रही है।

प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक नहाने या शौच के लिए गड्ढे के पास गया होगा और संतुलन बिगड़ने से गहरे पानी में गिर गया, जिससे उसकी डूबने से मौत हो गई। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।

स्थानीय लोगों के अनुसार, जिस गड्ढे में युवक का शव मिला, वह पूर्व में मुरम के अवैध उत्खनन के दौरान खोदा गया था। बारिश के मौसम में ऐसे गहरे गड्ढों में पानी भर जाता है और वे लोगों के लिए जानलेवा साबित होते हैं। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भी मुरम और अन्य खनन के बाद छोड़े गए गहरे गड्ढों में पानी भरने से पहले भी कई लोगों की डूबकर मौत हो चुकी है, लेकिन ऐसे गड्ढों को भरने या सुरक्षित करने की दिशा में कार्रवाई नहीं हो सकी है।


फिलहाल कोतवाली पुलिस ने मृतक की पहचान के लिए जिले सहित आसपास के थानों से संपर्क किया है और गुमशुदगी के मामलों का मिलान किया जा रहा है। शनिवार शाम तक युवक की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति के लापता होने की जानकारी हो तो तत्काल कोतवाली थाना पुलिस को सूचित करें।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ