शिवपुरी जिले के बदरवास कस्बे के बराई रोड स्थित रेलवे ब्रिज के पास नाले में बने दलदल में एक नंदी पिछले दो दिनों से फंसा हुआ था। दलदल में फंसे होने के कारण नंदी बाहर नहीं निकल पा रहा था और लगातार वहीं तड़प रहा था। इसकी जानकारी स्थानीय लोगों ने सनातनी गो सेवा समिति के सदस्यों को दी।
सूचना मिलते ही समिति की टीम मौके पर पहुंची। गोसेवकों ने पहले नंदी की स्थिति का जायजा लिया, फिर आपसी समन्वय और काफी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित दलदल से बाहर निकाला। रेस्क्यू के दौरान नंदी को किसी प्रकार की अतिरिक्त चोट न पहुंचे, इसका भी विशेष ध्यान रखा गया।
दलदल से बाहर निकालने के बाद समिति के सदस्यों ने नंदी का प्राथमिक उपचार कराया। उपचार के बाद उसकी हालत सामान्य बताई गई और उसे सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। समय रहते रेस्क्यू होने से नंदी की जान बच गई।
इस रेस्क्यू अभियान में सनातनी गो सेवा समिति के ऋषि भारती, निखिल बैरागी, अमित जैन, अमित यादव, विवेक ओझा, वीरेंद्र यादव और लोकेंद्र शर्मा सहित अन्य गोसेवकों ने सक्रिय भूमिका निभाई। स्थानीय लोगों ने समिति की तत्परता और सेवा भावना की सराहना करते हुए कहा कि यदि समय पर रेस्क्यू नहीं होता तो नंदी की जान को खतरा हो सकता था।
0 टिप्पणियाँ