बोरसी खार नहर मार्ग पर भारी वाहनों के आवागमन से जर्जर हुए नहर
बिर्रा-ग्राम पंचायत बिर्रा के किसानों ने नहर मार्ग पर भारी वाहनों के लगातार आवागमन से नहर एवं सड़क को हो रहे नुकसान को लेकर सिंचाई अनुविभागीय अधिकारी बिर्रा को शिकायत पत्र सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। किसानों ने अपने आवेदन में बताया है कि बिर्रा के बोरसी खार क्षेत्र की ओर संचालित प्लांट के भारी वाहन सिंचाई नहर के किनारे बने मार्ग से लगातार गुजर रहे हैं। भारी वाहनों के दबाव के कारण नहर की पटरी एवं मार्ग जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो रहे हैं। इससे किसानों को अपने खेतों तक पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है तथा दुर्घटना की आशंका भी बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि यह नहर क्षेत्र के किसानों के लिए सिंचाई का प्रमुख साधन है। यदि भारी वाहनों का संचालन इसी तरह जारी रहा तो नहर की संरचना को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है, जिससे सिंचाई व्यवस्था प्रभावित होने के साथ किसानों की खेती-किसानी पर भी प्रतिकूल असर पड़ेगा। किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि बोरसी खार नहर साइड जाने वाले प्लांट के भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगाई जाए। साथ ही नहर एवं क्षतिग्रस्त मार्ग की जांच कर आवश्यक मरम्मत कार्य कराने की भी मांग की गई है। इस संबंध में ग्राम पंचायत बिर्रा के अनेक किसानों ने हस्ताक्षरयुक्त आवेदन प्रस्तुत कर शीघ्र कार्रवाई की अपेक्षा जताई है। अब किसानों की नजर प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हुई है।

0 टिप्पणियाँ