मध्य प्रदेश शासन के 'नशे से दूरी है जरूरी 2.0' जनजागरूकता अभियान के तहत शनिवार को कोतवाली थाना पुलिस ने फास्ट ट्रैक फिजिकल अकादमी पहुंचकर पुलिस, सेना और अन्य सुरक्षा बलों में भर्ती की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं के बीच नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए उन्हें अपने लक्ष्य पर फोकस बनाए रखने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा दी गई।
कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में आयोजित किया गया। कोतवाली थाना प्रभारी रोहित दुबे ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस और सुरक्षा बलों में करियर बनाने के लिए अनुशासन, शारीरिक फिटनेस और मानसिक मजबूती सबसे जरूरी है। नशा इन तीनों को कमजोर करता है और युवाओं के भविष्य को प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि यदि लक्ष्य बड़ा हो तो व्यक्ति को हर उस आदत से दूरी बनानी चाहिए, जो उसकी सफलता के रास्ते में बाधा बने।
इस दौरान थाना प्रभारी ने सभी छात्र-छात्राओं को नशे के खिलाफ शपथ दिलाई और उनसे अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी नशामुक्ति के लिए जागरूक करने की अपील की। अकादमी में मौजूद प्रशिक्षकों ने भी युवाओं से नशे से दूर रहकर नियमित अभ्यास और अनुशासित दिनचर्या अपनाने का आग्रह किया।
कार्यक्रम के बाद थाना प्रभारी रोहित दुबे, उपनिरीक्षक सुमित शर्मा, आरक्षक अंकित शर्मा, आरक्षक शरद यादव और अन्य पुलिसकर्मियों ने अकादमी के प्रशिक्षुओं के साथ बैठकर भोजन किया। इस दौरान युवाओं ने पुलिस सेवा से जुड़े अपने सवाल पूछे, वहीं पुलिस अधिकारियों ने भर्ती प्रक्रिया, तैयारी के तरीके, अनुशासन और सेवा के अनुभव साझा किए। पुलिस और युवाओं के बीच हुए इस आत्मीय संवाद ने कार्यक्रम को केवल जागरूकता अभियान तक सीमित न रखकर प्रेरणादायी बना दिया।
कार्यक्रम में कोतवाली थाना पुलिस का पूरा स्टाफ मौजूद रहा। पुलिस ने युवाओं से नशे से दूर रहकर अपने लक्ष्य की ओर पूरी मेहनत और समर्पण के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

0 टिप्पणियाँ