मध्यप्रदेश पुलिस के 'नशे से दूरी है जरूरी' अभियान के तहत सोमवार को शिवपुरी शहर में जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। कोतवाली पुलिस ने उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक-1 के करीब एक हजार स्कूली बच्चों के साथ शहर में जनजागरूकता रैली निकाली। वहीं फिजिकल थाना पुलिस ने सैंड बेनेडिक्ट स्कूल पहुंचकर विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी दी और नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प दिलाया।
कोतवाली पुलिस द्वारा आयोजित रैली की शुरुआत कोतवाली परिसर से हुई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामदास प्रजापति ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली में शामिल स्कूली बच्चे हाथों में 'नशे से दूरी है जरूरी' लिखी तख्तियां और बैनर लेकर चल रहे थे। इस दौरान डीजे पर नशा विरोधी जागरूकता गीत भी बजाए गए, जिससे लोगों का ध्यान अभियान की ओर आकर्षित हुआ।
रैली आर्य समाज मंदिर, मिर्ची बाजार, माधव चौक और कोर्ट रोड से होते हुए पोलो ग्राउंड पहुंची। यहां कोतवाली थाना प्रभारी रोहित दुबे ने विद्यार्थियों और उपस्थित नागरिकों को नशे से दूर रहने तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई।
इधर, फिजिकल थाना पुलिस ने सैंड बेनेडिक्ट स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। थाना प्रभारी कृपाल सिंह राठौड़ ने विद्यार्थियों को नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्परिणामों की जानकारी दी। उन्होंने बच्चों से कहा कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने परिवार, मित्रों व परिचितों को भी इस अभियान से जोड़कर नशामुक्त समाज बनाने में अपनी भूमिका निभाएं। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई गई।

0 टिप्पणियाँ