Music

BRACKING

Loading...

Shivpuri News : ट्रेन में मदद के बहाने युवक ने उड़ाए 9 हजार रुपए, यूपीआई पिन देखकर किया साइबर फ्रॉड

महाराष्ट्र से मजदूरी कर घर लौट रहे शिवपुरी जिले के एक मजदूर के साथ ट्रेन में साइबर ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित का आरोप है कि एक अज्ञात युवक ने पहले चोरी-छिपे उसका यूपीआई पिन देख लिया, फिर मां की तबीयत खराब होने का बहाना बनाकर मोबाइल मांग लिया और उसकी जानकारी के बिना यूपीआई के जरिए 9 हजार रुपए अपने परिचित के खाते में ट्रांसफर कर दिए। मामले की शिकायत साइबर क्राइम प्रकोष्ठ में की गई है।

नरवर थाना क्षेत्र के ग्राम काली पहाड़ी मेड़ा श्यामपुर निवासी धनवंत सिंह बघेल ने बताया कि वह महाराष्ट्र के सोलापुर स्थित एक धागा फैक्ट्री में मजदूरी करता है। 16 जुलाई को वह सोलापुर से ट्रेन के जरिए अपने गांव लौट रहा था। यात्रा के दौरान एक रेलवे स्टेशन पर यूपीआई से भुगतान करते समय एक अज्ञात व्यक्ति ने चोरी-छिपे उसका यूपीआई पिन देख लिया।

वही व्यक्ति बाद में झांसी जाने वाली ट्रेन में उसके साथ बैठ गया। रास्ते में उसने अपनी मां की तबीयत खराब होने का हवाला देकर कुछ देर के लिए मोबाइल मांगा। भरोसा कर धनवंत ने उसे मोबाइल दे दिया। आरोप है कि युवक ने मोबाइल में यूपीआई पिन डालकर दोपहर 2:42 बजे रविकांत चौबे के मोबाइल नंबर से जुड़े यूपीआई खाते में 9 हजार रुपए ट्रांसफर कर दिए।


राशि ट्रांसफर करने के बाद आरोपी ने मोबाइल वापस कर पानी लाने का बहाना बनाया और मौके से फरार हो गया। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका। घटना की जानकारी मिलने पर धनवंत सिंह ने साइबर क्राइम प्रकोष्ठ में शिकायत दर्ज कराते हुए मामले की जांच, आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और ठगी गई 9 हजार रुपए की राशि वापस दिलाने की मांग की है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ