शिवपुरी। नकली सोने के मोतियों को असली बताकर फरियादी से 7 लाख रुपये की बड़ी ठगी करने वाले फरार ईनामी बदमाश को सुभाषपुरा पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पकड़ा गया आरोपी पिछले 4 सालों से पुलिस की आंखों में धूल झोंककर फरार चल रहा था और ठिकाने बदल-बदलकर रह रहा था।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया द्वारा पुराने प्रकरणों में फरार चल रहे वारंटियों और ईनामी बदमाशों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.डी. प्रजापति एवं एसडीओपी सचिन कुमार धुर्वे के निर्देशन में सुभाषपुरा पुलिस लगातार आरोपी की तलाश कर रही थी।
क्या था मामला?
थाना सुभाषपुरा में वर्ष 2023 में दर्ज अपराध क्रमांक 17/23 धारा 420, 120-बी (भादवि) के तहत आरोपी शिवराज मोगिया (26 वर्ष) पुत्र कैलाश मोगिया, निवासी ग्राम सेंवड़ा पर फरियादी को चकमा देकर नकली सोने के मोती बेचने और 7 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप था। वारदात के बाद से ही आरोपी फरार हो गया था और पुलिस से बचने के लिए ग्राम धरैटा चक (चौकी रूठियाई, थाना धरनावदा, जिला गुना) में छिपा हुआ था। आरोपी की गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक द्वारा 1000 रुपये का ईनाम घोषित किया गया था।
गाँव आते ही बिछाया गया जाल
21 जुलाई को सुभाषपुरा थाना प्रभारी अरविंद सिंह चौहान को मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि ईनामी बदमाश शिवराज मोगिया अपने गाँव सेंवड़ा आया हुआ है और बरखे मंदिर की पुलिया (गोपालपुर रोड) पर कहीं जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रहा है।
सूचना पर तुरंत कार्यवाही करते हुए सउनि अरुण वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर मौके पर भेजी गई। पुलिस को देखकर आरोपी ने हड़बड़ाकर भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे धर दबोचा। कड़ी पूछताछ में आरोपी ने 7 लाख की धोखाधड़ी का जुर्म स्वीकार कर लिया। आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया है।

0 टिप्पणियाँ