मध्यप्रदेश राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष डॉ. कैलाश जाटव की अध्यक्षता में आज शिवपुरी स्थित मानस भवन में 'सामाजिक संवाद' कार्यक्रम का आयोजन हुआ।कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. कैलाश जाटव द्वारा संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया।शिक्षित और सजग समाज ही पाता है विशिष्ट स्थानउपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष डॉ. जाटव ने कहा कि समाज के सर्वांगीण विकास और आगे बढ़ने का एकमात्र सशक्त माध्यम शिक्षा है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को उच्च एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा अवश्य दिलाएं। एक शिक्षित समाज ही जागरूक होकर राष्ट्र और समाज में अपना विशेष स्थान बना पाता है।डॉ. जाटव ने कहा कि राज्य सरकार की मंशा समाज के प्रत्येक वर्ग को विकास के समान अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि:नागरिक अपनी किसी भी समस्या या अधिकारों के हनन की स्थिति में आयोग के माध्यम से त्वरित सहायता प्राप्त कर सकते हैं। आयोग अनुसूचित जाति वर्ग के हितों की रक्षा और न्याय सुनिश्चित करने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। सभी वर्ग परस्पर सहयोग, समन्वय और सामाजिक समरसता के साथ आगे बढ़ें और राष्ट्र निर्माण में अपना अमूल्य योगदान दें।नागरिकों से सीधा संवादकार्यक्रम के दौरान डॉ. जाटव ने उपस्थित समुदाय के नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं, अनुभव एवं सुझाव गंभीरता से सुने। उन्होंने बताया कि इस सामाजिक संवाद का मुख्य उद्देश्य शासन द्वारा संचालित योजनाओं की वास्तविक स्थिति समझना, वंचित वर्ग के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक एवं विकास के मुद्दों पर मंथनआयोग के अध्यक्ष डॉ. जाटव ने जिले के समस्त जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ प्रबुद्धजनों के साथ सर्किट हाउस शिवपुरी में एक विशेष बैठक की। बैठक में क्षेत्र के समग्र विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं के सुचारू क्रियान्वयन तथा स्थानीय समस्याओं के त्वरित समाधान से जुड़े विभिन्न विकासपरक मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई।प्रेस वार्ता: मीडिया के माध्यम से जनता तक सही जानकारी पहुँचना ज़रूरीआयोजन के अंत में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए आयोग अध्यक्ष डॉ. कैलाश जाटव ने इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया के प्रतिनिधियों से चर्चा की। उन्होंने कहा कि आयोग अनुसूचित जाति वर्ग के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा और उनके उत्थान के लिए निरंतर प्रयासरत है। डॉ. जाटव ने मीडिया की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि शासन की कल्याणकारी योजनाओं और आयोग की कार्यप्रणाली की जानकारी जन-जन तक पहुँचाने में पत्रकारों की महत्वपूर्ण भूमिका है। यदि किसी भी स्थान पर अव्यवस्था या भेदभाव का मामला सामने आता है, तो उसकी सूचना तुरंत आयोग को दी जाए ताकि उस पर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष श्री जसवंत जाटव, श्री लवलेश जैन, श्री कमलकिशोर कोड़े, श्री श्यामलाल शाक्य, श्री मदन खटीक, श्री नरेंद्र राहुल, श्री सुभाष जाटव, श्री के पी परमार, श्री वीरसिंह सगर, श्री सत्यप्रकाश भरदेलिया, श्री ज्ञाजीत बाबर डांडे, श्री मनोज डांडे, श्री नवलसिंह सोलंकी, श्री गिर्राज शर्मा, विभिन्न सामाजिक वर्गों के वरिष्ठ जन, समाजसेवी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ