Music

BRACKING

Loading...

MP TOP NEWS : दतिया उपचुनाव में कांग्रेस की जीत पर शिवपुरी से कोलारस तक जश्न, आतिशबाजी कर बांटी मिठाइयां

शिवपुरी। दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह की जीत के बाद शिवपुरी जिले में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ जीत का जश्न मनाया। जिला कांग्रेस कार्यालय पर कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की। इसके बाद कांग्रेसजन जुलूस के रूप में माधव चौक पहुंचे, जहां आतिशबाजी की गई, मिठाइयां बांटी गईं और कांग्रेस के समर्थन में जमकर नारेबाजी की गई।


जश्न का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहित अग्रवाल ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने जीत को जनता की आवाज और प्रदेश की राजनीति में कांग्रेस के प्रति बढ़ते विश्वास का प्रतीक बताया।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहित अग्रवाल ने कहा कि दतिया विधानसभा उपचुनाव का परिणाम यह दर्शाता है कि जनता अब बदलाव चाहती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार की नीतियों से आमजन परेशान हैं और जनता कांग्रेस की विचारधारा व जनहित की राजनीति पर भरोसा जता रही है। उन्होंने इस जीत का श्रेय दतिया की जागरूक जनता, कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मेहनत और पार्टी नेतृत्व को दिया।

माधव चौक पर काफी देर तक जश्न का माहौल बना रहा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों की धुन पर खुशी मनाई, एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाईं और आतिशबाजी कर जीत का उत्सव मनाया। इस दौरान कांग्रेस के कई पदाधिकारी, युवा कार्यकर्ता और समर्थक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

कोलारस में भी मना जीत का जश्न

दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस की जीत की खुशी को लेकर कोलारस विधानसभा क्षेत्र में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया। कार्यकर्ता कोलारस बस स्टैंड पर एकत्रित हुए, जहां आतिशबाजी कर एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया और जीत की खुशी साझा की। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी करते हुए कहा, दतिया तो एक झांकी है, मध्य प्रदेश अभी बाकी है। कार्यकर्ताओं ने इसे प्रदेश में कांग्रेस के बढ़ते जनसमर्थन का संकेत बताते हुए आने वाले चुनावों में बेहतर प्रदर्शन का भरोसा जताया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ