स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता लाने के लिए वृहद पोषण सभा आयोजित
-
शिवपुरी | 16-सितम्बर-2019 महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बच्चों, किशोर बालिकाओं के बेहतर स्वास्थ्य पोषण, बच्चों में ठिगनापन, अल्प पोषण, खून की कमी तथा जन्म के वक्त कम वजन वाले शिशुओं की संख्या में कमी लाने के लिए 01 सितम्बर से 30 सितम्बर तक पोषण माह का आयोजन किया जा रहा है।
पोषण माह में प्रत्येक स्तर पर समुदाय की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने तथा पोषण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता लाने के लिए सोमवार को जिला मुख्यालय स्थित मानस भवन गांधी पार्क में वृहद पोषण सभा का आयोजन किया गया। जिसमें करैरा विधायक श्री जसमंत जाटव, कोलारस विधायक श्री वीरेन्द्र रघुवंशी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कमला-बैजनाथ यादव, नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री अनिल शर्मा अन्नी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एच.पी.वर्मा, महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री देवेन्द्र सुन्द्रियाल उपस्थित थे।
वृहद पोषण सभा में सभी को पोषण संबंधी जानकारी दी गई। सभा में उपस्थित आमजनों को बताया गया कि पोषण युक्त भोजन अच्छे स्वास्थ्य के लिए बहुत जरूरी है। महिला एवं बच्चों को सही पोषण प्रदान करने, जनजागरूकता लाने के लिए सितम्बर माह को पोषण माह के रूप में मनाया जा रहा है और इसी के तहत कई गतिविधियां आयोजित की जा रही है। यदि गर्भवती महिला को पोषण युक्त भोजन मिलता है तो बच्चा भी स्वस्थ होता है। जन्म के समय स्वस्थ बच्चों का इम्युन सिस्टम भी मजबूत होता है। बच्चे देश का भविष्य है इसलिए स्वस्थ भविष्य के लिए बच्चों का अच्छा स्वास्थ्य होना जरूरी है। इसी दिशा में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है। ताकि आमजन को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जा सके और यह महत्वपूर्ण है कि अच्छे स्वास्थ्य के लिए उचित पोषण मिलना चाहिए।

0 टिप्पणियाँ